व्यापार
01-Oct-2025
...


नई ‎दिल्ली (ईएमएस)। तेल विपणन कंपनियों ने 1 अक्टूबर से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर और एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों में बढ़ोतरी की है। हालांकि, घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे आम उपभोक्ताओं को राहत मिली है। नई दरों के अनुसार दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 1,595.50 रुपए हो गई है, जो पहले 1,580 रुपए थी। यानी 15.50 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। अन्य महानगरों में भी दाम बढ़े हैं। कोलकाता में यह 1,700.50, मुंबई में 1,547 और चेन्नई में 1,754.50 रुपए हो गया है। वहीं एविएशन टरबाइन फ्यूल की कीमतों में भी तेज उछाल देखा गया है। दिल्ली में अब एटीएफ 93,766.02 रुपए प्रति किलोलीटर मिल रहा है, जबकि पहले यह 90,713.52 रुपए था। कोलकाता में यह 96,816.58, मुंबई में 87,714.39 और चेन्नई में 97,302.14 रुपए प्रति किलोलीटर हो गया है। तेल कंपनियां हर महीने अंतरराष्ट्रीय बाजार और कच्चे तेल की कीमतों के आधार पर ईंधन की दरों की समीक्षा करती हैं। इस बार की समीक्षा में जहां कमर्शियल उपभोक्ताओं पर बोझ बढ़ा है, वहीं घरेलू उपयोगकर्ताओं को राहत दी गई है, जिससे त्योहारों के मौसम में महंगाई का असर सीमित रहेगा। सतीश मोरे/01अक्टूबर ---