राष्ट्रीय
01-Oct-2025
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 1 अक्तूबर को अपना 80वां जन्मदिन मना रहे हैं। कोविंद पूर्व पीएम मोरारजी देसाई के निजी सचिव और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता भी रहे हैं। इसके अलावा कोविंद ऑल इंडिया कोली समाज के अध्यक्ष पद पर भी रहे हैं। वे बेहद सादगीपूर्ण जीवन जीना पसंद करते हैं। उन्होंने 25 जुलाई 2017 में देश के 14वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के परौंख गांव में 01 अक्तूबर 1945 को कोविंद का जन्म हुआ था। कानपुर विश्वविद्यालय से स्नातक पूरा करने के बाद वे आगे की शिक्षा के लिए दिल्ली आ गए। यहां पर उन्होंने आईएएस की परीक्षा की तैयारी शुरू की और तीसरे प्रयास में उन्हें कामयाबी भी मिल गई। लेकिन उन्होंने सिविल सर्विस ज्वॉइन नहीं की और वकालत करना शुरू कर दिया। साल 1977 से लेकर 1979 तक वे दिल्ली हाईकोर्ट में केंद्र सरकार के वकील रहे। इसके बाद साल 1980 से लेकर 1993 तक वे सुप्रीम कोर्ट में केंद्र सरकार के स्थायी काउंसर बने। प्राप्त जानकारी के मुताबिक उन्होंने करीबन 16 सालों तक दिल्ली हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में काम किया है। इसके बाद साल 1994 में कोविंद की राजनीति में पारी शुरू हुई। वे यूपी राज्यसभा के लिए सांसद चुने गए। इस दौरान वे लगातार दो बार सांसद बनें। फिर साल 2015 में कोविंद बिहार राज्य के राज्यपाल बने और इसके बाद 25 जुलाई 2017 को भारत के राष्ट्रपति पद का कार्यभार संभाला था। कोविंद बीते 30 सालों से भी अधिक समय से राजनीति में सक्रिय हैं और अपने लंबे सियासी सफर में उन्होंने शुरू से ही पिछड़ों, अनुसूचित जातियों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के लिए लड़ाई लड़ी है। आशीष दुबे / 01 अक्टूबर 2025