इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के सांवेर क्षेत्र में सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक मजदूर घायल हो गए। यह दुर्घटना सांवेर तहसील के चंद्रावतीगंज थाना क्षेत्र के पास ग्राम रतनखेड़ी और बीबीखेड़ी के बीच शाम लगभग 6:30 बजे हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली खेत से काम खत्म कर अपने गांव लौट रही थी, तभी सड़क के मोड़ पर वह अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली में सवार दो महिलाओं - कमला बाई और जानी बाई की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल ट्रॉली में दबे घायलों को बाहर निकाला। घायलों को सांवेर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक और घायल की मौत हो गई। हादसे में घायल हुए 25 से 27 मजदूरों में से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की और एंबुलेंस भेजकर गंभीर घायलों को अरविंदो अस्पताल पहुंचाया। :: मंत्री सिलावट ने कार्यक्रम निरस्त किए :: इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही जल संसाधन मंत्री और सांवेर विधायक तुलसी सिलावट ने भोपाल में अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम तत्काल निरस्त कर दिए और इंदौर के लिए रवाना हो गए। मंत्री सिलावट सीधे अरविंदो अस्पताल पहुँचकर घायलों से मुलाकात करेंगे और उनके इलाज की जानकारी लेंगे। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न आने देने के सख्त निर्देश दिए हैं। मंत्री सिलावट ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को दुर्घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए प्रभावित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता और आवश्यक मदद उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार इस दुखद घड़ी में उनके साथ खड़ी है। प्रकाश/13 अक्टूबर 2025