राज्य
14-Oct-2025
...


भोपाल/ जबलपुर (ईएमएस)। ईओडब्ल्यू जबलपुर द्वारा सुशील कुमार गुप्ता, सहायक प्रबंधक, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित बसाड़ी तहसील बड़वारा जिला कटनी के निवास स्थान ग्राम बसाड़ी, ग्राम बनहेरी स्थित आटा मिल, धान मिल, ऑईल मिल, चक्की सहित फार्म हाउस में छापामार कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान करोड़ो की बेनामी संपत्ति उजागर हुई है। काली कमाई का यह आंकड़ा जॉच के बाद बढ़ सकता है। विभाग द्वारा मिली जानकारी के अनुसार ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ, जबलपुर द्वारा सुशील कुमार गुप्ता के खिलाफ भ्रष्टाचार से करोडो रूपये की असमानुपातिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। शुरुआती जॉच में शिकायत सही पाये जाने पर उसके विरुद्ध धारा-13(1)(बी)13(2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 संशोधित 2018 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। इसी कड़ी में मंगलवार 14 अक्टूबर को ईओडब्ल्यू जबलपुर द्वारा सुशील कुमार गुप्ता के निवास स्थान ग्राम बसाड़ी, ग्राम बनहेरी स्थित आटा मिल, धान मिल, ऑईल मिल, चक्की तथा फार्म हाउस पर तीन टीमो द्वारा एक साथ रेड मारते हुए सर्चिंग क कार्यवाही की गई। सर्च कार्यवाही के दौरान आरोपी सुशील कुमार गुप्ता और उसके परिजनों के नाम से ग्राम बसाड़ी स्थित मकान, फार्म हाउस, ग्राम बनहरी स्थित राईस मिल, ऑईल मिल की इंवेंट्री सहित ग्राम बसाडी स्थित वेयर हाउस और 2 मोटर सायकल, 1 ट्रैक्टर, 1 पिकअप बोलेरो एवं कृषि उपकरण प्राप्त हुये है। अब तक की कार्यवाही में आरोपी की कुल 2 करोड़ 69 लाख 14 हजार 405 रूपये की अनुपातहीन संपत्ति उजागर हुई है। इसके साथ ही सुशील कुमार के निवास स्थान से प्राप्त दस्तावेज, बैंक खातों और रजिस्ट्रियों की जॉच की जा रही है, जिसके बाद अनुपातहीन संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ने का अनुमान है। जुनेद / 14 अक्टूबर