राज्य
14-Oct-2025
...


:: प्रख्यात पार्श्व गायक की जन्मस्थली खंडवा में पुण्यतिथि पर गीतकार प्रसून जोशी किशोर कुमार सम्मान से अलंकृत :: खंडवा (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रख्यात पार्श्व गायक और अभिनेता किशोर कुमार को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें असाधारण कलाकार बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि किशोर कुमार गीतों को गाते नहीं थे, बल्कि गीतों को जीते थे। उन्होंने कहा कि उनका मस्ती भरा फक्कड़ अंदाज उनकी पहचान थी। उनकी स्मृति में मध्यप्रदेश सरकार प्रतिवर्ष यह समारोह दो दिन का आयोजित करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार की रात्रि मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअल रूप से खंडवा में आयोजित राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर प्रख्यात गीतकार प्रसून जोशी को किशोर कुमार सम्मान से अलंकृत किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रसून जोशी को बधाई देते हुए उनकी कलम के जादू की सराहना की। उन्होंने कहा कि खंडवा किशोर कुमार की जन्मभूमि के साथ ही दादा माखनलाल चतुर्वेदी की कर्मभूमि और ओंकारेश्वर धाम भी है। मुख्यमंत्री ने किशोर कुमार के गाए गीत जिंदगी एक सफर है सुहाना..... की पंक्तियां गाकर उन्हें याद किया। उन्होंने किशोर कुमार के अभिनय, फक्कड़ स्वभाव और बड़े भाई अशोक कुमार से प्रगाढ़ संबंध का भी विशेष उल्लेख किया। सम्मान प्राप्त करने के बाद गीतकार प्रसून जोशी ने मुख्यमंत्री और मध्यप्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। जोशी ने कहा कि किशोर दा बाल सुलभ थे और उनके गीत आशा तथा उम्मीद की आवाज बने। जोशी ने किशोर कुमार का गीत आ चल के तुझे, मैं ले के चलूं, एक ऐसे गगन के तले... गाकर सुनाया। कार्यक्रम में जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह, खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, गीतकार की धर्मपत्नी श्रीमती अर्पणा जोशी, विधायकगण तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। संचालक संस्कृति एनपी नामदेव ने प्रशस्ति पत्र का वाचन किया। प्रकाश/14 अक्टूबर 2025