मुंबई (ईएमएस)। भारतीय फिल्मों के अभिनेता रजा मुराद ने इंस्टाग्राम पर एक मोंटाज वीडियो शेयर किया, जिसमें उनके मशहूर किरदारों की झलकियां दिखाई गईं। इस वीडियो को कैप्शन देते हुए उन्होंने लिखा, मेरे कुछ यादगार सीन और किरदारों की झलकियां, जिनमें मेरे सह कलाकारों के साथ खास पल भी शामिल हैं। रजा मुराद का यह वीडियो प्रशंसकों के लिए किसी सिनेमाई खजाने से कम नहीं है। सोशल मीडिया पर उनके पोस्ट को देखकर प्रशंसक पुरानी यादों में खो गए और कमेंट सेक्शन पर उनकी तारीफ कर रहे हैं। रजा मुराद अपनी दमदार आवाज और प्रभावशाली अभिनय के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कई बॉलीवुड फिल्मों जैसे पद्मावत, बाजीराव मस्तानी और जोधा अकबर में यादगार किरदार निभाए हैं। रजा मुराद ने अपने करियर में बॉबी, प्रेम रोग, राम तेरी गंगा मैली, हिना, नमक हराम, राम लखन, और एक नजर जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम किया है। उनकी दमदार आवाज और अभिनय की बारीकियां हर किरदार को जीवंत बना देती हैं। चाहे नकारात्मक किरदार हों या सहायक भूमिकाएं, रजा मुराद ने हर रोल में अपनी छाप छोड़ी। उनकी फिल्मों ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल की, बल्कि दर्शकों के दिलों में भी खास जगह बनाई। छोटे पर्दे पर भी रजा मुराद ने अपनी प्रतिभा का जादू बिखेरा है। उन्होंने मधुबाला, वीर शिवाजी, बाइबल की कहानियां, रिश्तों की डोर, और क्रांति जैसे लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों में काम किया। सुदामा/ईएमएस 15 अक्टूबर 2025