* कॉलोनी से हर साल 5 से 6 लाख तक की जाती हैं टैक्स वसूली कोरबा (ईएमएस) कोरबा अंचल के निहारिका क्षेत्र कोसाबाड़ी में कृष्णा और एनकेएच अस्पताल जाने का रास्ता इतना खराब है, कि मरीजों की जान आफत में पड़ जाती है। मेन रोड से महज 150 मीटर सड़क पर गड्ढों के चलते मरीज हिचकोले खाने को मजबूर है। नगर निगम ने सड़क बनाने 3 साल पहले 50 लाख रुपए का टेंडर जारी किया था। टेंडर निजी कॉलोनी बताकर निरस्त कर दिया गया। अब कॉलोनी प्रबंधन इसे निगम को हैंडओवर करने की बात कह रहा है। मंगलम विहार कॉलोनी में कृष्णा हॉस्पिटल और इसके बाद न्यू कोरबा हॉस्पिटल का संचालन हो रहा है। यहां 10 परिवार भी रहते हैं। कॉलोनी में 2007 में प्लॉट की बिक्री हुई थी। मेन रोड से कॉलोनी जाने गेट लगा था। कॉलोनी में कच्ची सड़क ही थी। चिकित्सालय बनने के बाद इस रोड पर चहल-पहल बढ़ गई, लेकिन सड़क पक्की नहीं हो पाई। इस कच्ची सड़क पर 100 से अधिक गड्ढे हैं। इसी से होकर रोजाना मरीजों को अस्पताल पहुंचना होता है। सड़क पर हिचकोले खाने से मरीजों की जान पर बन आती है। बताया जा रहा हैं की गंभीर मरीजों के लिए यह सड़क किसी खतरे से कम नहीं है। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि नगर निगम को टैक्स देने के बाद भी सुविधाएं नहीं मिल रही है। कृष्णा हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. विशाल उपाध्याय का कहना है कि सड़क खराब होने से सभी को परेशानी हो रही है। निगम सड़क नहीं बनाती है, तो मरीजों और लोगों की समस्या को देखते हुए मैंने खुद ही सड़क बनवाने का निर्णय लिया है। मंगलम विहार प्रबंधन ने कहा कि कॉलोनी बनाने में निगम और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के नियम-शर्तों का पालन किया है। सड़क-नाली भी बनाई गई थी। इसके बाद निगम को हैंडओवर कर दिया गया। 2009 में निगम और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग ने सर्टिफिकेट भी दिया है। आश्रय शुल्क भी जमा है। निगम ने अनुज्ञा राशि 10 लाख रुपए वापस की है। कॉलोनी से निगम को हर साल करीब 5 से 6 लाख रुपए प्रॉपर्टी टैक्स मिलता है। इसलिए कॉलोनी के लोग निगम से सड़क बनाने की मांग कर रहे हैं। चिकित्सालय से ही सबसे अधिक टैक्स जमा होता है। इसके बाद भी जमीन को निजी बताकर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। मेन रोड से चिकित्सालय के बीच करीब 20 मीटर निजी जमीन होना बताया जा रहा है। यहां डब्ल्यूबीएम सड़क है। सड़क बनाने में यह भी विवाद का कारण था। कई लोगों ने निजी कॉलोनी में सड़क बनाने का विरोध किया था। इसके बाद निगम सड़क बनाने से पीछे हट गया। कॉलोनी के पीछे भी गेट है, लेकिन उसका उपयोग नहीं हो रहा है। * निजी कॉलोनी इसलिए रोड नहीं बना सकते : भूषण उरांव नगर निगम कोसाबाड़ी जोन कमिश्नर भूषण उरांव का कहना है कि निजी कॉलोनी होने से सड़क नहीं बनी। इसके लिए टेंडर भी हो चुका था, बाद में निरस्त किया गया। कॉलोनी हैंडओवर होने की जानकारी नहीं है। * सड़क बनाने कई बार पत्र लिख चुके: डॉ. चंदानी न्यू कोरबा हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. एस. चंदानी ने कहा निगम को सड़क बनाने कई बार पत्र लिख चुके हैं। हर साल प्रॉपर्टी टैक्स भी जमा कर रहे हैं। इसके बाद सड़क नहीं बनाई जा रही है। निगम प्रशासन को ध्यान देना चाहिए। 15 अक्टूबर / मित्तल