फोर्ट लॉडरडेल (ईएमएस)। स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी के अच्छे प्रदर्शन से अर्जेंटीना ने पुअर्टो रिको को 6-0 से हरा दिया। इस मैच में मेसी ने दो गोल दागने में सहायता की। इसके साथ ही मेसी सबसे अधिक गोल करने में सहायता करने वाले पहले खिलाड़ी बन गये हैं। मेसी ने अब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 60 गोल दागने में सहायता की है। प्यूर्टो रिको के खिलाफ दो गोल करने में सहायता कर उन्होंने ब्राजील के नेमार और लैंडन डोनोवन को पीछे छोड़ दिया। इन दोनों ही खिलाड़ियों ने अपने करियर में अब तक 58-58 गोल दागे हैं। वहीं मेसी अपने पेशेवर करियर में कुल 400 करने में सहायक होने से केवल तीन ही गोल पीछे हैं। प्यूर्टो रिको के विरुद्ध मुकाबले में अर्जेंटीना की टीम हावी रही। मुकाबले के 13वें मिनट मोंटील ने मेसी को पास दिया। इसके बाद निकोलस गोंजालेज ने रिबाउंड पर वॉली से गेंद को गोल की ओर पहुंचाया जिसके बाद मैक एलिस्टर ने हेडर से गोल दाग दिया। वहीं 23वें मिनट मेसी ने मोंटील को एक अच्छा पास दिया, जिन्होंने इसे गोल में बदलते हुए अर्जेंटीना को 2-0 से बढ़त दिला दी। इसके बाद मैक एलिस्टर ने मुकाबले के 36वें मिनट एक और गोल कर अपनी टीम की बढ़त को 3-0 कर दिया। दूसरे हाफ में अर्जेंटीना की टीम 4-0 से आगे थी। मेसी के एक और बेहतरीन पास के बाद, निको गोंजालेज ने गेंद को मार्टिनेज को दिया, जिन्होंने इसपर गोल कर स्कोर 5-0 पहुंचा दिया। 84वें मिनट मेसी के पास पर मार्टिनेज ने एक और गोल कर स्कोर 6-0 पर पहुंचा दिया। ईएममएस 15अक्टूबर 2025