बलरामपुर(ईएमएस)। जिले के वाड्रफनगर थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव में दिवाली की तैयारी मातम में बदल गई। छुहीमिट्टी खदान धंसने से एक महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, दो अन्य महिलाएं बाल-बाल बच गईं। जानकारी के मुताबिक, गांव की कुछ महिलाएं दिवाली के अवसर पर घर की पुताई के लिए छुहीमिट्टी निकालने खदान गई थीं। मिट्टी निकालते वक्त अचानक खदान का ऊपरी हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा और महिलाएं उसके नीचे दब गईं। ग्रामीणों ने महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर मौके पर दौड़ लगाई और मलबा हटाकर दबे लोगों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक एक महिला ने दम तोड़ दिया था। घायल महिला को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हादसे ने पूरे गांव में दिवाली से पहले शोक का माहौल पैदा कर दिया है।