रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के इतिहास में आज का दिन निर्णायक साबित होने वाला है। दण्डकारण्य क्षेत्र के करीब 200 माओवादी आज मुख्यधारा में लौटकर हथियार डालने जा रहे हैं। इनमें कई शीर्षस्थ कमांडर और हार्डकोर कैडर शामिल हैं। आत्मसमर्पण का यह बड़ा आयोजन जगदलपुर के रिजर्व पुलिस लाइन में होगा। सूत्रों के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वालों में माओवादी प्रवक्ता रूपेश, 1 सेंट्रल कमेटी मेंबर (CCM), 2 दण्डकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी मेंबर (DKSZC), 15 डिविजनल कमेटी मेंबर (DVCM), 1 माड़ ACM और 121 अन्य कैडर शामिल हैं। इन माओवादियों के समर्पण के बाद पूरा माड़ डिवीजन नक्सलमुक्त हो जाएगा जो बस्तर में नक्सल उन्मूलन की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम होगा।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, गृहमंत्री विजय शर्मा, और बस्तर रेंज IG पी सुंदरराज समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। नक्सलियों का यह सामूहिक आत्मसमर्पण बस्तर के जंगलों में शांति और विकास की नई सुबह लेकर आएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा बस्तर की वास्तविक शक्ति उसके लोगों की आत्मनिर्भरता, शिक्षा, आजीविका और सामाजिक सम्मान में निहित है। इन्हीं मूल्यों पर आधारित शासन की नीति ने अब दण्डकारण्य के भीतरी इलाकों तक नई उम्मीद और परिवर्तन का संदेश पहुंचाया है। यह अवसर नक्सल उन्मूलन की दिशा में एक निर्णायक मोड़ है।