नई दिल्ली (ईएमएस)। अक्सर लोगों के मन में यह सवाल उठता है कि सेहत के लिए फल ज्यादा फायदेमंद हैं या सब्जियां। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, फल और सब्जियां दोनों ही विटामिन, मिनरल्स और फाइबर से भरपूर होती हैं। फलों में नेचुरल शुगर पाई जाती है, जो शरीर को तुरंत ऊर्जा प्रदान करती है। वहीं, सब्जियों में शुगर की मात्रा बहुत कम होती है लेकिन इनमें फाइबर, आयरन, कैल्शियम और एंटीऑक्सिडेंट्स प्रचुर मात्रा में होते हैं, जो लंबे समय तक शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। फल जैसे संतरा, अमरूद और कीवी में विटामिन सी की भरपूर मात्रा होती है, जो इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाती है। वहीं, सेब और केला पाचन तंत्र को दुरुस्त रखते हैं और दिल की सेहत के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। हालांकि, विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि डायबिटीज के मरीजों को फलों का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए, क्योंकि इनमें शुगर अपेक्षाकृत ज्यादा होती है। वहीं दूसरी ओर, हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे पालक, मेथी, ब्रोकली, गोभी और बीन्स फाइबर व आयरन से भरपूर होती हैं। ये शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करती हैं, वजन घटाने में सहायक होती हैं और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत दिलाती हैं। सब्जियों में कैलोरी बहुत कम होती है, जिससे ये वजन नियंत्रण के लिए आदर्श विकल्प बन जाती हैं। इसके अलावा, सब्जियों का नियमित सेवन कैंसर, हार्ट डिजीज और हाई ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों के खतरे को कम करता है। विशेषज्ञों का सुझाव है कि हर व्यक्ति को दिनभर में कम से कम तीन से पांच कटोरी सब्जियां जरूर खानी चाहिए। अगर तुलना की जाए तो, कई मायनों में सब्जियां फलों से अधिक फायदेमंद मानी जाती हैं। इनमें शुगर कम और फाइबर अधिक होता है, जिससे शरीर को लंबे समय तक पोषण मिलता है। हालांकि, फलों से भी शरीर को जरूरी विटामिन, मिनरल्स और तुरंत ऊर्जा मिलती है। संतुलन बनाए रखने के लिए फलों को नाश्ते या स्नैक के रूप में और सब्जियों को मुख्य भोजन के साथ शामिल करना सबसे बेहतर तरीका है। इस तरह, फल और सब्जियों दोनों को डाइट का हिस्सा बनाकर शरीर को संपूर्ण पोषण दिया जा सकता है। यह संयोजन न केवल आपको ऊर्जा से भरपूर रखेगा बल्कि कई बीमारियों से भी बचाव करेगा। मालूम हो कि शरीर को स्वस्थ और फिट बनाए रखने के लिए रोजाना फल और सब्जियों का सेवन करना बेहद जरूरी है। दोनों ही प्राकृतिक रूप से उगने वाले खाद्य पदार्थ हैं, जिनमें शरीर के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक पोषक तत्व मौजूद रहते हैं। इन्हें डाइट का सबसे अहम हिस्सा माना जाता है। सुदामा/ईएमएस 22 अक्टूबर 2025