खेल
22-Oct-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। ओलंपिक और विश्व चैम्पियन भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को टेरिटोरियल आर्मी में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल बनाया गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यहां साउथ ब्लॉक में आयोजित एक कार्यक्रम में नीरज को टेरिटोरियल आर्मी में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल पद से सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और भारतीय सेना व टेरिटोरियल आर्मी के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। नीरज को ये सम्मान चिन्ह औपचारिक रूप से प्रदान किया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने कहा कि लेफ्टिनेंट कर्नल (मानद) नीरज चोपड़ा दृढ़ संकल्प, देशभक्ति और उत्कृष्टता की भारतीय भावना का प्रतीक बने हैं। वह अपने अनुशासन और समर्पण से न केवल खेल जगत में, बल्कि पूरे देश में प्रेरणा का स्रोत बनकर उभरे हैं। राजनाथ ने नीरज की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि नीरज ने मैदान में जो अनुशासन और निष्ठा दिखाई, वही भावना उन्हें सेना के आदर्शों से जोड़ती है। वह आने वाली पीढ़ियों के लिए सच्चे प्रेरणास्रोत हैं। नीरज को साल 2016 में भारतीय सेना की राजपूताना राइफल्स रेजिमेंट में शामिल किया गया था। नीरज ने अपने प्रदर्शन से न केवल भारत बल्कि भारतीय सेना का भी गौरवा बढ़ाया है। उन्होंने साल 2020 के टोक्यो ओलंपिक में भारत की ओर से एथलेटिक्स में पहला स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद उन्होंने 2024 के पेरिस ओलंपिक में रजत पदक और 2023 की विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा, नीरज ने एशियाई खेलों, राष्ट्रमण्डल खेलों और डायमंड लीग में भी कई स्वर्ण पदक जीते हैं। उन्होंने हाल ही में 90.23 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो (2025) कर भारतीय एथलेटिक्स इतिहास में नया रिकार्ड स्थापित किया। नीरज की इस उपलब्धियों और राष्ट्र सेवा के प्रति उनके योगदान को देखते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें 16 अप्रैल 2025 को टेरिटोरियल आर्मी में मानद कमीशन प्रदान किया था। नीरज को पद्म श्री, मेजर ध्यानचंद खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, परम विशिष्ट सेवा पदक और विशिष्ट सेवा पदक जैसे सम्मान भी मिले हैं। इससे पहले खेल जगत से मानद लेफ्टिनेंट कर्नल की उपाधि पूर्व क्रिकेट कप्तान कपिल देव, सचिन तेंदुलकर और महेन्द्र सिंह धोनी को भी दी गयी थी। गिरजा/ईएमएस 22 अक्टूबर 2025