नई दिल्ली,(ईएमएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, कि जितनी भव्य दिवाली रही उतनी ही दिव्य अब छठ पूजा होगी। छठ पूजा को लेकर हो रही तैयारियों का ब्यौरा देकर मुख्यमंत्री ने कहा कि ना सिर्फ यमुना किनारे 17 मॉर्डन घाट बनाए जाएंगे, बल्कि शहर में एक हजार से अधिक जगहों पर छठ पूजा का आयोजन होगा। रेखा गुप्ता ने कहा कि इन सभी जगहों पर सरकार पुष्प वर्षा से लेकर चाय-पानी तक का इंतजाम करेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रेसवार्ता के दौरान छठ को लेकर किए जा रहे इंतजामों का ब्यौरा देकर कहा कि वर्षों से यमुना किनारे आप सरकार ने छठ पूजा बंद कर दी थी और अब उनकी सरकार ने प्रतिबंध को हटा दिया है। उन्होंने कहा, हम सरकार की ओर से सभी व्यवस्थाएं देकर पल्ला से कालिंदी तक 17 जगहों पर यमुना नदी के किनारे मार्डन छठ घाट बनाए जा रहे हैं। शहर के अंदर छठ पूजा स्थलों की बहुत वृद्धि होने का अनुमान है। पिछली बार केवल 929 स्थानों पर छठ पूजा के कार्यक्रम हुए थे, इस बार 1000 से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं। छठा महापर्व को लेकर रेखा सरकार ने खास व्यवस्थाएं करने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो 17 घाट यमुना के किनारे बनाए जाएंगे और अन्य 1000 से अधिक स्थलों पर पूजा होगी वहां टेंट, बिजली, स्वच्छता, शौचालय आदि की व्यवस्था सरकार करेगी। हर जिले में कम से कम एक मॉर्डन छठ घाट बनाए जाएंगे। भव्य स्वागत गेट बनाए जाएंगे, फूलों की वर्षा की जाएगी। मैथिली-भोजपुरी भाषा के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभी तक 200 कार्यक्रम की योजना बन चुकी है। आशीष दुबे / 22 अक्टूबर 2025