क्षेत्रीय
27-Oct-2025
...


गुना (ईएमएस) | । प्रदेश स्तरीय संयुक्त संघर्ष मोर्चा मंडी बोर्ड भोपाल के आव्हान पर जिले सहित पूरे अंचल में मंडी अधिकारी-कर्मचारी 29 अक्टूबर को एक दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान गुना सहित आसपास की सभी कृषि उपज मंडियों में नीलामी प्रक्रिया पूरी तरह बंद रहेगी। किसानों और व्यापारियों को इस दिन खरीदी-बिक्री से जुड़े काम नहीं मिल पाएंगे। हड़ताल की तैयारी को लेकर गत शाम नानाखेड़ी मंडी परिसर में मंडी अधिकारी-कर्मचारियों की बैठक हुई। बैठक में हड़ताल की रणनीति, भागीदारी और भोपाल में होने वाली गेट मीटिंग में शामिल होने के प्रबंधों पर विस्तार से चर्चा की गई। संयुक्त संघर्ष मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों ने भी ऑनलाइन जुडक़र कर्मचारियों को संबोधित किया और हड़ताल के उद्देश्य के प्रति एकजुट रहने की अपील की। मंडी कर्मचारी लंबे समय से पदोन्नति, सेवा शर्तों में सुधार, वेतन विसंगतियों के निराकरण और विभागीय संरचना को दुरुस्त करने जैसी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि 17 अक्टूबर को राज्य शासन के नाम ज्ञापन देकर मांगे स्पष्ट रूप से प्रस्तुत की गई थीं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई। इससे नाराज होकर संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने हड़ताल का निर्णय लिया है। हड़ताल के तहत 29 अक्टूबर को सभी अधिकारी-कर्मचारी भोपाल मंडी बोर्ड कार्यालय के बाहर सुबह 11 बजे से गेट मीटिंग में एक साथ अपनी आवाज बुलंद करेंगे। इसके लिए कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से एक दिन का अवकाश आवेदन मंडी बोर्ड को भेज दिया है। सीताराम नाटानी (ईएमएस)