गुना (ईएमएस) | मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के नवनियुक्त अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया का 30 अक्टूबर को गुना दौरा प्रस्तावित है। अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद यह उनका पहला नगर आगमन होगा। इसी को लेकर रविवार को सिंधिया जनसंपर्क कार्यालय पर भाजपा पदाधिकारियों और समर्थकों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें स्वागत कार्यक्रम की तैयारियों, जनभागीदारी और आयोजन की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार और पूर्व कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने कार्यकर्ताओं से कहा कि महाआर्यमन सिंधिया का यह दौरा सिर्फ राजनीतिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि खेल जगत के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में मध्यप्रदेश में क्रिकेट और अन्य खेल गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा। जिले के युवा खिलाडिय़ों में भी इस आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है। बैठक में यह तय हुआ कि स्वागत कार्यक्रम भव्य और व्यवस्थित तरीके से किया जाएगा। पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं और खेल प्रेमियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। यह रहेगा कार्यक्रम मिली जानकारी के अनुसार महाआर्यमन सिंधिया 30 अक्टूबर की शाम 5 बजे गुना पहुंचेंगे। यहाँ वे टेकरी रोड स्थित होटल टीआस में आयोजित युवा सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके बाद अशोका गार्डन में नागरिक सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जहाँ समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। रात्रि विश्राम के बाद वे अगले दिन सुबह 9 बजे श्री हनुमान टेकरी मंदिर में दर्शन करेंगे और तत्पश्चात अशोकनगर की ओर प्रस्थान करेंगे। सीताराम नाटानी (ईएमएस)