राज्य
29-Oct-2025
...


रायपुर(ईएमएस)। आखिरकार रायपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष के नाम को लेकर चल रहा सियासी गतिरोध खत्म हो गया है। लंबे समय से चली आ रही अंदरूनी खींचतान और मतभेदों के बाद निगम प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए संदीप साहू की जगह आकाश तिवारी को नया नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया है। नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही लगभग 10 महीने से लटकी हुई यह नियुक्ति अब आधिकारिक रूप से तय हो गई है। दरअसल, पिछले कई महीनों से कांग्रेस पार्षद दल के भीतर नेता प्रतिपक्ष के चयन को लेकर सहमति नहीं बन पा रही थी। नामों को लेकर गुटबाज़ी और रस्साकशी के चलते मामला ठंडे बस्ते में चला गया था। लेकिन अब अंततः आकाश तिवारी के नाम पर सर्वसम्मति बन गई, जिसके बाद निगम प्रशासन ने औपचारिक आदेश जारी किया। कांग्रेस के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, आकाश तिवारी की सक्रियता, संगठन में पकड़ और साफ छवि को देखते हुए उनके नाम पर मुहर लगाई गई। माना जा रहा है कि आगामी नगर निगम की कार्यवाही में विपक्ष की भूमिका को और धारदार बनाने की रणनीति के तहत यह निर्णय लिया गया है। संदीप साहू की जगह अब आकाश तिवारी नगर निगम में विपक्ष की आवाज़ बनकर परिषद में सत्तापक्ष को घेरने की तैयारी में हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)29 अक्टूबर 2025