- सब्बल से किया था हमला, हत्या का मामला दर्ज, तीन आरोपी गिरफ्तार भोपाल(ईएमएस)। देहात क्षेत्र की बैरसिया थाना इलाके में दो सप्ताह पहले दो गुटों के बीच पेड़ काटने को लेकर हुए विवाद में गंभीर रुप से घायल एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। प्रकरण में पुलिस ने पहले दोनों पक्षों की शिकायत पर एक दूसरे के खिलाफ मारपीट की धाराओं में काउंटर केस दर्ज किया था। गंभीर रुप से घायल एक युवक ने बीती देर रात दम तोड़ दिया। पुलिस ने अब इस मामले में हत्या की धारा बढ़ाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके दो साथी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 21 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे ग्राम नरेला में हुई थी। यहां पहले पक्ष महेश अहिरवार पिता रतिराम अहिरवार (40) और दूसरे पक्ष सीताराम अहिरवार पिता राम सिंह अहिरवार (35) का परिवार रहता है। महेश अहिरवार का आरोप था, कि सीताराम अहिरवार, उसके चाचा पर्वत अहिरवार, पूरन अहिरवार, उसकी पत्नी रीना अहिरवार यहॉ लगे चार पेड़ काट रहे थे। जब उन्होनें इसका विरोध किया तब चारों आरोपियों ने सब्बल से हमला कर दिया। इस दौरान पर्वत अहिरवार का बेटा यश कुमार भी आकर मारपीट करने लगा। यह देख उनके परिवार के लोग भी मौके पर आ गये और दोनो पक्षो के बीच जमकर मारपीट हुई। पहले पक्ष की तरफ से महेश अहिरवार उसके भाई नंद किशोर अहिरवा, पत्नी सरोज बाई और आशीष अहिरवार भी घायल हुए थे। खूनी संघर्ष में दूसरे पक्ष के पर्वत अहिरवार (45) को घातक चोटें आई थी। आरोपियों ने उस पर ईट और पत्थर से वार किए थे। उसे इलाज के लिये पीपुल्स अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहॉ उसका उपचार जारी थी। मामले में पुलिस ने पहले पक्ष के महेश अहिरवार और दूसरे पक्ष के सीताराम अहिरवार की और से मिली शिकायतो पर 22 अक्टूबर को काउंटर प्रकरण दर्ज किया था। इधर हमले में घायल पर्वत अहिरवार की हालत लगातार नाजुक थी। आखिरकार इलाज के दौरान 3-4 नवंबर की रात उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। थाना पुलिस का कहना है की पीएम रिपोर्ट के आधार पर सीताराम द्वारा दर्ज कराये गये प्रकरण में हत्या की धारा का इजाफा किया जा रहा है। अस्पताल से मिली सूचना पर पहुचीं पुलिस ने शव को पीएम के लिए मर्चूरी भेज दिया। जुनेद / 4 नवंबर