न्यूयॉर्क,(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समूची दुनिया को धमकाकर अपनी हुकूमत चलाना चाहते हैं। कई देश उनकी टैरिफ वाली धमकी में आकर डिफेंसिव हो गए, लेकिन उनके अपने लोग उनकी धमकियों की परवाह नहीं करते है। ये बानगी उस समय देखने को मिली जब न्यूयॉर्क के लोगों को उन्होंने धमकाते हुए चेतावनी दी थी कि ममदानी मेयर बने तो न्यूयॉर्क का फंड रोक देंगे। न्यूयॉर्क ने इसकी परवाह नहीं की और ममदानी को ही मेयर बना दिया। डेमोक्रेटिक उम्मीदवार भारतीय मूल के जोहरान ममदानी को न्यूयॉर्क शहर का नया मेयर चुना गया है। ममदानी ने दो प्रमुख दावेदारों को हराया है। उन्होंने इस चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने वाले न्यूयॉर्क के पूर्व गवर्नर एंड्रयू कुओमो और रिपब्लिकन उम्मीदवार कर्टिस स्लीवा को मात दी है। इस चुनाव में एक बड़ा मोड़ निवर्तमान मेयर एरिक एडम्स का सितंबर में दौड़ से हटना रहा। यह चुनाव विशेष रूप से महत्वपूर्ण था क्योंकि यह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दूसरे कार्यकाल के दौरान हुआ। चुनाव प्रचार के दौरान ममदानी के प्रगतिशील मंच और ट्रम्प की उनकी आलोचना हुआ। ट्रंप ने ममदानी को कम्युनिस्ट करार दिया और न्यूयॉर्क शहर के लिए फंड में कटौती की धमकी भी दी थी। इन सबके के बावजूद वह चुनाव जीतने में सफल रहे। जोहरान ममदानी के लिए रेस का नतीजा आने के तुरंत बाद डेमोक्रेट ने एक्स पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें एक सबवे ट्रेन सिटी हॉल स्टेशन पर आ रही थी, साथ में कैप्शन था- अगला और आखिरी स्टॉप है- सिटी हॉल। सिटी हॉल न्यूयॉर्क शहर की सरकार की जगह है, जहां मेयर का ऑफिस है। युगांडा में जन्मे और न्यूयॉर्क शहर में पले-बढ़े जोहरान ममदानी अमेरिकी राजनीति में एक नया चेहरा हैं। केवल 34 साल की उम्र में वह न्यूयॉर्क स्टेट असेंबली के सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। वह खुद को एक डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट (लोकतांत्रिक समाजवादी) बताते हैं। वह समानता, आवास और सामुदायिक सशक्तिकरण पर केंद्रित नीतियों की वकालत करते हैं। ममदानी प्रसिद्ध भारतीय फिल्म निर्माता मीरा नायर और युगांडा के लेखक महमूद ममदानी के पुत्र हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/05नवंबर2025