क्षेत्रीय
05-Nov-2025
...


बस्तर(ईएमएस)। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में स्थित विश्व प्रसिद्ध कुटुमसर गुफा को शनिवार से पर्यटकों के लिए दोबारा खोल दिया गया है। हर साल की तरह इस वर्ष भी मानसून के दौरान जलभराव और सुरक्षा कारणों से गुफा को अस्थायी रूप से बंद किया गया था। अब मौसम सामान्य होने के बाद इसे फिर से दर्शकों के लिए खोल दिया गया है। खुलने के पहले ही दिन बड़ी संख्या में देश-विदेश से आए सैलानियों ने गुफा का मनमोहक नजारा देखा। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, हर वर्ष लाखों पर्यटक कांगेर घाटी के घने जंगलों के बीच स्थित इस रहस्यमय और आकर्षक गुफा को देखने पहुंचते हैं, और इस बार भी भारी भीड़ की संभावना है। कुटुमसर गुफा अपनी अनोखी चूना पत्थर की संरचनाओं, प्राकृतिक आकृतियों और रहस्यमय वातावरण के लिए प्रसिद्ध है। यह गुफा छत्तीसगढ़ पर्यटन का एक प्रमुख आकर्षण मानी जाती है और इसे देखने आने वाले सैलानी यहां की सुंदरता और ठंडे वातावरण से मंत्रमुग्ध हो जाते हैं। पर्यटकों ने भी गुफा के पुनः खुलने पर उत्साह व्यक्त किया। महासमुंद से आए सतीश चंद्रदास ने कहा — कुटुमसर गुफा का प्राकृतिक नज़ारा वाकई अद्भुत है, हर किसी को यहां एक बार जरूर आना चाहिए। वहीं रायपुर के प्रेमीचंद साहू ने कहा — “यह जगह बेहद खूबसूरत और अनोखी है, यहां आकर मन को असीम शांति मिलती है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)05 नवम्बर 2025