देवास (ईएमएस)। मध्यप्रदेश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने वाले स्वर्गीय अर्जुन सिंह की जयंती पर बुधवार को कांग्रेसजनों ने श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर उन्हें याद किया। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि अर्जुन सिंह ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में गरीबों, दलितों और पिछड़ों के उत्थान के लिए अभूतपूर्व कार्य किए। नेताओं ने कहा कि स्व. अर्जुन सिंह ने मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और राज्यपाल जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए हमेशा समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया। उनके नेतृत्व में सामाजिक न्याय और समान अवसर की नीतियों को नई दिशा मिली। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सम्मान के क्षेत्र में जो नीतियां लागू कीं, उनका लाभ आज भी समाज के वंचित वर्गों को मिल रहा है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता भगवान सिंह चावड़ा, प्रदीप चौधरी, शौकत हुसैन, विक्रम मुकाती, गुरुचरण सिंह सलूजा और रोशन रायकवार ने कहा कि अर्जुन सिंह एक कुशल प्रशासक और दूरदर्शी नेता थे। उनकी प्रशासनिक दक्षता आज के नेताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी को न केवल मजबूत किया बल्कि उसे जनता के बीच भरोसे का प्रतीक बनाया। कार्यक्रम की शुरुआत में कांग्रेसजनों ने स्व. अर्जुन सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों पर चलने और कांग्रेस पार्टी को सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का संचालन सुधीर शर्मा ने किया और आभार विश्वजीत सिंह चौहान ने माना। इस अवसर पर मंसूर शेख, राजेश राठौर, इम्तियाज शेख भल्लू, कल्याण सिंह पवार, नंदकिशोर पोरवाल, मदनलाल जेठवा, शाहजी हाशमी, डॉ. मुन्ना सरकार, सुजीत सांगते, रूपेश कल्याणे, रविन्द्र सोनी, सलीम पठान, जयप्रकाश मालवीय, महेंद्र सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।