क्षेत्रीय
05-Nov-2025
...


ग्वालियर (ईएमएस)। श्री मुनि सुव्रतनाथ महिला मंडल, शिंदे की छावनी की ओर से बुधवार को पारिवारिक दिवाली मिलन समारोह का आयोजन बड़ी धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जैन स्वर्ण धर्मशाला, गस्त का ताजिया पर किया गया, जिसमें महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों रेड लहंगा और साड़ी की थीम में शामिल होकर पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था की अध्यक्ष मंजू पाटनी, सचिव सुषमा जैन, कोषाध्यक्ष रक्षा पाटनी, एवं संयोजिकाएँ मृदुल जैन, सोनाली जैन और मनीषा जैन ने हाथों में दीपक लेकर सामूहिक मंगलाचरण नृत्य से किया। इसके बाद सभी सदस्यों का चंदन तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इसी दौरान पंचकल्याणक में भगवान की माता संगीता कागदी का मालाओं से सम्मान किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने भजन संध्या, धार्मिक प्रश्न मंच, और सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। मनोरंजन के लिए हाऊजी, सरप्राइज गेम और बंपर ड्रॉ जैसे खेल आयोजित किए गए, जिनमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रही ‘दिवाली क्वीन’ प्रतियोगिता, जिसमें रेखा जैन को मोतियों का ताज पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं, हाऊजी गेम में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर विमला जैन को पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जैन समाज के प्रवक्ता सचिन जैन ने मंडल की गतिविधियों की जानकारी दी और सभी महिलाओं के उत्साह की सराहना की। इस दौरान उनका भी महिलाओं की ओर से सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन मनीषा जैन और सोनाली जैन ने संयोजिका के रूप में उत्कृष्ट ढंग से किया, जबकि आभार प्रदर्शन सचिव सुषमा जैन ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने एकता, धर्म और पारिवारिक सौहार्द के साथ दिवाली के इस उत्सव को यादगार बना दिया।