राज्य
05-Nov-2025
...


-विधानसभा में अर्पित की गई पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह को पुष्पांजलि, सीएम बोले भोपाल (ईएमएस)। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे स्वर्गीय अर्जुन सिंह की जयंती पर बुधवार को राजधानी भोपाल में पुष्पांजलि अर्पित की गई। विधानसभा में अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की मौजूदगी में यह कार्यक्रम हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा कि स्व. अर्जुन सिंह मध्यप्रदेश के विकास और जनहित के प्रति समर्पित नेता थे। उन्होंने समूचे प्रदेश के विकास के लिए अनेक दूरदर्शी निर्णय लिए। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की राजनीति में स्व. अर्जुन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वे 1980 के दशक में सबसे प्रभावशाली व्यक्तित्वों में शामिल थे और तीन बार मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री एवं पंजाब के राज्यपाल भी रहे। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री के रूप में उनका देश के विकास में अहम योगदान रहा। वे सदैव गरीब कल्याण और पिछड़ा वर्ग के साथ खड़े दिखाई दिए। स्व. श्री अर्जुन सिंह वंचित वर्ग के लिए लड़ाई लडऩे में हमेशा अग्रणी रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्व. अर्जुन सिंह ने भारत सरकार द्वारा उज्जैन में सांदीपनि वेद विद्या प्रतिष्ठान को स्थापित करने, वेद पढऩे-पढ़ाने वालों के लिए सभी व्यवस्थाएं करने के साथ मानव संसाधन विकास मंत्री के रूप में एक चेयर उज्जैन में स्थापित की थी। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. श्री अर्जुन सिंह की 95वीं जयंती पर हम सब उनका पुण्य स्मरण कर रहे हैं। वहीं शिवाजी नगर स्थित प्रतिमा स्थल पर भी समर्थकों द्वारा श्रद्धासुमन अर्पित किये गये। वहीं शाम रवींद्र भवन में अर्जुनसिंह सद्भावना मंच द्वारा आयोजित ‘यादें अर्जुन सिंह समारोह’ में महाराष्ट्र के कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्निथला मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अमेठी के सांसद किशोरीलाल शर्मा ने किया। आयोजन समिति के सचिव डा. महेन्द्र सिंह चौहान ने बताया रविन्द्र भवन के मुक्ताकाश मंच पर रात आठ बजे से अखिल भारतीय मुशायरा और कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। इस अवसर पर आयोजित मुशायरा और कवि सम्मेलन में प्रख्यात रचनाकार ताहिर फराज़ (रामपुर), पापुलर मेरठी (मेरठ), शकील आज़मी (मुम्बई), खुर्शीद हैदर (मुजफ्फरनगर), नदीम फार्रुख (एटा), मुमताज नसीम (दिल्ली), बिलाल सहारनपुरी (सहारनपुर), और तबरेज मुनव्वर राणा (लखनऊ) अपनी प्रस्तुति दी। अर्जुन सिंह अलंकरण से यह हस्तियां सम्मानित अर्जुनसिंह अलंकरण से सप्रे संग्रहालय के संस्थापक वरिष्ठ पत्रकार पद्मश्री विजयदत्त श्रीधर, पूर्व ओलंपियन हाकी खिलाड़ी अशोक ध्यानचंद्र, कलाधर्मी पद्मश्री हरि चन्दनसिंह भट्टी और प्रसिद्ध कबीर लोक गायक पद्मश्री प्रहलाद सिंह टिपानिया को सक्रिय योगदान के लिये अलंकृत किया गया।