गुना (ईएमएस)। ट्रांसपोर्ट नगर बसाहट, गुना शहर के सौंदर्यीकरण और विकास के संबंध में विगत दिवस देर शाम को कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की उपस्थिति में जनप्रतिनिधियों एवं ट्रांसपोर्ट नगर के भूखण्डधारकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता अरविंद गुप्ता, उपाध्यक्ष धरम सोनी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमति सारिका लुम्बा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजेंद्र सिंह सलूजा, सांसद प्रतिनिधि हरिसिंह यादव सहित जनप्रतिनिधिगण एवं एसडीएम गुना श्रीमति शिवानी पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर एवं प्र. सीएमओ सुश्री मंजुषा खत्री, परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण श्री संजय श्रीवास्तव अन्य अधिकारी तथा ट्रांसपोर्ट नगर के भूखंडधारी उपस्थित थे। बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर श्री कन्याल ने ट्रांसपोर्ट नगर की भूमि से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा ट्रांसपोर्ट नगर की समस्त भूमि का सीमांकन कर अवैध कब्जे हटाए जाएं तथा एक समुचित नीति बनाकर सभी भूखण्डधारियों के अनुबंध के अनुसार लीज का संपादन एवं विकास कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएं, जिससे ट्रांसपोर्ट नगर का शीघ्र विकास एवं वसाहतीकरण हो सके।बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी ट्रांसपोर्ट नगर के सुनियोजित विकास हेतु अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए।इसके पश्चात गुना शहर के सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत संरचना (इंफ्रास्ट्रक्चर) विकास पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान शहर के ट्रैफिक सुधार, प्रवेश द्वारों का सौंदर्यीकरण, सड़क चौड़ीकरण, ऑक्सीजन पार्क, माधव वाटिका, सेल्फी पॉइंट, गुनिया नदी विकास, पर्यटन एवं जलक्रीड़ा परियोजनाओं से संबंधित प्रस्तावों को पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य गुना को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, सांस्कृतिक एवं पर्यटन दृष्टि से आकर्षक बनाना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गुना जिले में विकास की अपार संभावनाएं हैं। शहर में बुनियादी ढांचे, पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यटन के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं आकार ले रही हैं, जो भविष्य में गुना को एक विकसित एवं आकर्षक नगर के रूप में स्थापित करेंगी। ईएमएस / 05/11/2025