:: किसानों को हर हाल में मिलेगी 10 घंटे निर्बाध बिजली, अन्नदाता का हित सर्वोपरि है :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए एक बड़ा और तत्काल प्रशासनिक फैसला लिया है। उन्होंने किसानों के बीच गलतफहमी पैदा करने वाले विवादित सर्क्यूलर को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की घोषणा की है। साथ ही, इस मामले से जुड़े संबंधित चीफ इंजीनियर को भी तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को जारी अपने संदेश में स्पष्ट कहा कि अन्नदाता (किसानों) का हित हमारे लिए सर्वोपरि है। उन्होंने दोहराया कि किसानों के कल्याण के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। :: 10 घंटे निर्बाध बिजली की गारंटी :: डॉ. यादव ने किसानों को आश्वस्त किया कि उन्हें हर हाल में 10 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। यह घोषणा उनकी सरकार के किसान हितैषी रुख को मज़बूती प्रदान करती है। मुख्यमंत्री ने कहा, प्रदेश में एक संवेदनशील और किसान हितैषी सरकार काबिज है। किसानों के समग्र उत्थान के लिए हमारी सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उन्होंने आगे कहा कि बिजली आपूर्ति से संबंधित विवादित सर्क्यूलर को रद्द कर दिया गया है और इसे जारी करने वाले अधिकारी पर भी विधि अनुरूप कार्रवाई की जा रही है। प्रकाश/5 नवम्बर 2025