अंतर्राष्ट्रीय
08-Nov-2025
...


जेद्दा,(ईएमएस)। केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू सऊदी अरब के जेद्दा शहर पहुंचे है। उनकी यात्रा का मुख्य मकसद सऊदी अरब के साथ द्विपक्षीय हज समझौते पर हस्ताक्षर करना और हज 2026 की तैयारियों की जानकारी लेना है। केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने अपनी यात्रा की जानकारी साझा की। उन्होंने पोस्ट कर लिखा, सऊदी अरब के साथ द्विपक्षीय हज समझौते पर हस्ताक्षर करने जेद्दा, सऊदी अरब पहुंचे। सऊदी अरब में भारतीय राजदूत डॉ. सुहेल एजाज खान और जेद्दा में भारत के महावाणिज्य दूत फहद सूरी ने एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से स्वागत किया। केंद्रीय मंत्री रिजिजू की यात्रा भारत और सऊदी अरब के बीच धार्मिक एवं कूटनीतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हर साल लाखों भारतीय मुस्लिम हज यात्रा के लिए सऊदी अरब जाते हैं, और द्विपक्षीय समझौता प्रक्रिया को सुचारू बनाने में सहायक होता है। समझौते के तहत हज कोटे, यात्रियों की सुविधाएं, आवास, परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे मुद्दों पर चर्चा होती है। हज 2025 के सफल आयोजन के बाद अब 2026 की तैयारियां जोरों पर हैं, जिसमें कोविड के बाद की चुनौतियों और डिजिटल सुविधाओं को शामिल किया जाएगा। यात्रा के दौरान रिजिजू सऊदी अरब के हज एवं उमराह मंत्री तौफीक अल-रबिया से मुलाकात करने वाले है। चर्चा में हज यात्रियों की संख्या बढ़ाने, ई-वीजा प्रक्रिया को सरल बनाने और मक्का-मदीना में भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए विशेष सुविधाओं पर फोकस रहेगा। आशीष दुबे / 08 नवंबर 2025