रांची,(ईएमएस)। झारखंड की राजधानी रांची में शनिवार शाम नगरी थाना क्षेत्र के रेलवे क्रॉसिंग के पास तीन बाइक सवार बदमाशों ने एक 25 वर्षीय महिला को गोली मार दी। घायल हुई महिला को रिम्स में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, महिला अपने घर लौट रही थी, तभी बदमाशों ने उसका पीछा किया और पीछे से गोली मारकर फरार हो गए। गोली महिला की पीठ में लगी, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में भर्ती कराया गया। ग्रामीण एसपी प्रवीन पुष्कर ने बताया कि नगरी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।