- अलसुबह प्रैक्टिस के लिये निकले थे बोट क्लब के लिये भोपाल(ईएमएस)। शहर के देहात क्षेत्र के परवलिया इलाके में अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रुप से घायल नौसेना के दो जवानों की इलाज के दौरान रविवार सुबह मौत हो गई। दोनों बोट क्लब पर प्रैक्टिस करने के लिए भोपाल आने के लिए निकले थे। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस के मुताबिक मूल रूप से केरल के रहने वाले विष्णु आर्य (27) और आनंद कृष्णन (18) नौसेना में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। फिलहाल वह रक्षा बिहार कॉलोनी में रह रहे थे, रविवार अलसुबह 3 बजे बजे दोनों भोपाल की ओर आने के लिए बाइक से निकले थे। कॉलोनी के करीब मुख्य सड़क पर उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। जानकारी लगने पर उनके अन्य साथियों ने दोनो को घायल हालत में इलाज के लिये फौरन ही अस्पताल पहुंचाया, वहॉ डॉक्टरो ने विष्णु को थोड़ी देर बाद ही मृत घोषित कर दिया। जबकि आनंद ने कुछ घंटे चले इलाज के बाद दम तोड़ दिया। पुलिस ने साथी स्टाफ की मौजूदगी में दोनो के शवो का पीएम करा लिया है। घटनास्थल की जॉच के दौरान पुलिस को मौके से दो हेलमेट मिले हैं। वहीं पास ही एक खंबा नीचे गिरा हुआ है, और बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हालत में मिली है। पड़ताल के आधार पर जॉच टीम का अनुमान है, कि उन्हें किसी भारी वाहन ने अपनी चपेट में लिया है। पुलिस ने बताया की रक्षा बिहार कॉलोनी डिफेंस की कॉलोनी है, टक्कर मारने वाले वाहन चालक की पहचान के लिये वहॉ आस पास सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जुनेद / 9 नवंबर