तुर्किये,(ईएमएस)। दुनिया में एक समय जब ऊर्जा को लेकर लड़ाई चल रही है, तब दो देशों की किस्मत एक साथ चमक उठी। मिस्र और तुर्की के हाथ बड़ा खजाना लगा है। दोनों ने प्राकृतिक गैस के बड़े भंडार मिलने का ऐलान किया है, जिससे आने वाले सालों में इनकी अर्थव्यवस्थाओं को जबरदस्त ताकत मिलेगी। मिस्र के पेट्रोलियम मंत्रालय ने घोषणा की है कि वेस्टर्न डेजर्ट के बदर-15 क्षेत्र में प्राकृतिक गैस का नया भंडार मिला है। मंत्रालय के मुताबिक इस क्षेत्र से 16 मिलियन घन फीट गैस और 750 बैरल कंडेन्सेट प्रतिदिन उत्पादन की क्षमता है। एक रिपोर्ट के मुताबिक यह अनुमान लगाया गया है कि इस नए क्षेत्र से 15 अरब घन फीट गैस मिस्र के राष्ट्रीय भंडार में जोड़ी जाएगी। मंत्रालय ने कहा कि यह खोज उसकी निवेश प्रोत्साहन नीतियों का नतीजा है, जिनका उद्देश्य उत्पादन बढ़ाना और आयात पर निर्भरता घटाना है। मिस्र के पेट्रोलियम मंत्री करीम बदावी ने बताया कि सरकार का आने वाले पांच साल में दैनिक गैस उत्पादन को 6.4 से 6.6 अरब घन फीट तक बढ़ाने का लक्ष्य है। इसके लिए भूमध्य सागर में 14 नई खोजी कुओं की खुदाई की जाएगी, जिनसे 12 ट्रिलियन घन फीट गैस मिलने की उम्मीद है। उन्होंने माना कि 2021 के बाद निवेश में गिरावट के कारण उत्पादन धीमा हुआ था, लेकिन अब माहौल में सुधार आने से दोबारा बढ़ोतरी शुरू हुई है। मिस्र के एक दिन पहले तुर्की ने भी ऐलान किया कि उसे इस साल 92.4 अरब घन मीटर प्राकृतिक गैस का भंडार मिला है, जिसकी अनुमानित कीमत 37 अरब डॉलर है। यह खोज देश के इतिहास में सबसे बड़ी खोजों में से एक मानी जा रही है। तुर्की के ऊर्जा मंत्री ने संसद की बजट समिति के सामने बताया कि मई में गोकतेपे-3 कुएं में 75 अरब घन मीटर गैस का विशाल भंडार मिला था। उन्होंने कहा कि 2026 तक देश 300 नई खुदाई परियोजनाएं शुरू करेगा, जिनमें 282 स्थल पर और 18 समुद्र में की जाएंगी। मंत्री ने बताया कि तुर्की ने अब तक के सबसे ऊंचे तेल और गैस उत्पादन स्तर हासिल कर लिया है। देश की दैनिक तेल उत्पादन क्षमता 1.8 लाख बैरल तक पहुंच गई है, जो करीब 70 लाख वाहनों को ईंधन देने के लिए पर्याप्त है। दक्षिण-पूर्वी प्रांत शिर्नाक के माउंट गाबर क्षेत्र में उत्पादन 57,000 बैरल से बढ़कर 81,000 बैरल प्रतिदिन हो गया है, जिससे हर साल करीब 2 अरब डॉलर का व्यापार घाटा कम हो रहा है। सिराज/ईएमएस 12 नवंबर 2025