अंतर्राष्ट्रीय
15-Nov-2025
...


1 साल में रिकॉर्ड तीसरी बार रिजर्व ढूंढा बीजिंग (ईएमएस) ।चीन ने शिनजियांग के कुनलुन पहाड़ों में सोने का विशाल भंडार खोजा है। इस सर्वे में शामिल भू-विज्ञानियों के मुताबिक शुरुआती अनुमान बताते हैं कि यहां कुल सोने का भंडार 1,000 टन से भी ज्यादा हो सकता है। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक एक साल में यह तीसरी बार है जब चीन को 1000 टन से ज्यादा का सोने का भंडार मिला है। इससे पहले ऐसे दो बड़े भंडार लियाओनिंग और हुनान में मिले थे। दुनिया में सिर्फ 5 सोने के भंडार ऐसे हैं जो 1000 टन से ज्यादा बड़े हैं। ऐसे में इसे एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। इसकी कीमत लगभग 1,164 लाख करोड़ भारतीय रुपए होगी। इससे पहले वैज्ञानिकों का यह अनुमान था कि चीन में अब सिर्फ 3,000 टन सोना ही जमीन के नीचे बचा है। लेकिन लगातार 3 नई खोजों से वे अनुमान गलत साबित हुए हैं। अब माना जा रहा है कि चीन में सोने के भंडार और भी ज्यादा हो सकते हैं। यह तेजी इसलिए आई है क्योंकि चीन ने खनन सर्वे पर बहुत ज्यादा खर्च बढ़ाया है और एडवांस तकनीक अपनाई हैं। चीनी वैज्ञानिकों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, दुनिया की सबसे ताकतवर ग्राउंड-पेनेट्रेटिंग रडार तकनीक और बेहद संवेदनशील खनिज खोजने वाले सैटेलाइट विकसित किए हैं।