राज्य
13-Nov-2025
...


-युवाओं को सक्रिय करना सबसे बड़ी चुनौती भोपाल,(ईएमएस)। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस को नया नेतृत्व मिल गया है। जबलपुर के यश घनघोरिया को प्रदेश युवा कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि भोपाल के अभिषेक परमार को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बुधवार देर रात भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियुक्ति की घोषणा की। यहां बताते चलें कि यश घनघोरिया ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में सबसे अधिक 3.36 लाख वोट हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया था। वे जबलपुर पूर्व से विधायक और पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया के पुत्र हैं तथा पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के समर्थक माने जाते हैं। यश को अधिकांश विधायकों और संगठन के वरिष्ठ नेताओं का समर्थन हासिल रहा है। उनके पक्ष में सबसे अधिक सदस्य जुड़े थे, जिससे उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही थी। इस चुनाव में दूसरे स्थान पर भोपाल के अभिषेक परमार रहे जबकि तीसरे स्थान पर सीधी के देवेंद्र सिंह दादू और चौथे स्थान पर ग्वालियर के शिवराज यादव रहे। संगठन के नियमों के अनुसार, तीनों को उपाध्यक्ष बनाया गया है। दिल्ली में 09 नवंबर को हुए साक्षात्कार के बाद यश घनघोरिया को प्रदेश अध्यक्ष का पत्र सौंपकर औपचारिक रूप से पदभार सौंप दिया गया। यश करेंगे प्रदेश कार्यकारिणी का गठन अब यश घनघोरिया प्रदेश कार्यकारिणी का गठन करेंगे। इसके साथ ही जिन जिला अध्यक्षों का चुनाव हुआ है, वे भी अपनी-अपनी जिला कार्यकारिणी की घोषणा करेंगे। युवा कांग्रेस के इस चुनाव में प्रदेशभर के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गौरतलब है कि कुल 15,37,527 युवाओं ने सदस्यता अभियान के दौरान फॉर्म भरे थे, जिनमें से 14,74,374 ने शुल्क जमा कर सक्रिय सदस्यता ली। यह पूरी प्रक्रिया अप्रैल से जुलाई तक ऑनलाइन माध्यम से चलाई गई थी। विश्लेषकों का कहना है कि नव नियुक्त पदाधिकारियों पर सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवाओं को पार्टी गाइडलाइन के आधार पर सक्रिय करने की होगी। महाकौशल में खुशी का माहौल यश घनघोरिया की जीत से जबलपुर खासकर महाकौशल क्षेत्र में खुशी का माहौल है। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया और मिठाई बांटी। वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यश की नियुक्ति से संगठन में नई ऊर्जा का संचार होगा और कांग्रेस युवाओं के बीच अपनी पकड़ और मजबूत कर सकेगी। हिदायत/ईएमएस 13नवंबर25