क्षेत्रीय
14-Nov-2025
...


- बेटी से मारपीट करने को लेकर हुआ था विवाद - बातचीत के लिये घर पहुचे दामाद ने पेट में किया था चाकू से वार - पुलिस ने हत्या का मामला किया दर्ज भोपाल(ईएमएस)। शहर के स्टेशन बजरिया थाना इलाके में बीते दिनो एसएएफ से रिटायर्ड वृद्ध हवलदार पर उसके दामाद ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था। घायल ससुर को नाजूक हालत में इलाज के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहॉ उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी दामाद के खिलाफ पूर्व में हत्या के प्रयास का मामला कायम कर गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। घायल की मौत के बाद पुलिस ने प्रकरण में हत्या की धारा का इजाफा किया है। वारदात के पीछे मृतक की बेटी के साथ दामाद की चल रही पारिवारिक अनबन सामने आई है। थाना पुलिस के अनुसार इलाके में स्थित कच्ची सराय के पास रहने वाले नसीर हुसैन पिता मोहम्मद हुसैन (70) साल 2015 में 23 वीं बटालियन से हेड कॉस्टेबल के पद से रिटायर्ड हुए थे। नसीर हुसैन ने चार साल पहले अपनी बेटी शाहजहां की शादी ऐशबाग थाना क्षेत्र में स्थित बाग दिलकुशा में रहने वाले परवेज खान से की थी। जनरेटर रिपेयरिंग का काम करने वाले दामाद परवेज शादी के बाद से ही उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। इन दिनो बेटी शाहजहां के साथ पारिवारिक बातों को लेकर पति से मनमुटाव चल रहा था, जिस कारण ससुर नसीर हुसैन घटना से पांच दिन पहले बेटी को अपने घर ले आए थे। इसी बारे में आरोपी दामाद परवेज बीती 10 नवंबर सोमवार की शाम को बातचीत करने और अपनी पत्नी को लेने के लिए ससुराल पहुंचा था। यहॉ बात करने के दौरान गुस्से में आकर परवेज अपने ससुर नसीर से दुर्व्यहवहार करने लगा। ससुर ने उसका विरोध करते हुए वहॉ से जाने को कहा इस पर दामाद और ससुर के बीच विवाद बढ़ गया। बहसबाजी के बीच ही आरोपी दामाद ने अपने पास रखा चाकू निकालकर नसीर हुसैन के पेट में घातक वार कर दिया और फरार हो गया। घायल निसार को परिजनों ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात उनकी मौत हो गई। अस्पताल से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच में जुटी है। जुनेद / 14 नवंबर