क्षेत्रीय
14-Nov-2025


आंदोलन किसानों की समस्याओं के समाधान में निर्णायक कदम - किसान संघ गोटेगांव जबलपुर (ईएमएस)। भारतीय किसान संघ, जिला नरसिंहपुर द्वारा किसानों की समस्याओं को लेकर बड़ा आंदोलन खड़ा किया जा रहा है। आगामी 17 नवम्बर 2025 को नरसिंहपुर के भगवान बलराम चौक से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक किसान शंखनाद ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली में जिलेभर से लगभग 400 ट्रैक्टर शामिल होने की सहमति मिल चुकी है। किसान संघ ने बताया कि सोयाबीन, धान और मक्का में हुए भारी नुकसान के बावजूद अब तक न तो सर्वे हुआ है और न ही मुआवज़ा एवं फसल बीमा राशि की कोई स्पष्ट स्थिति है। वहीं खाद की कमी, बिजली आपूर्ति की अव्यवस्था, गन्ने के कम समर्थन मूल्य, बोहानी रिसर्च सेंटर से मिल रहे घटिया गन्ना बीज में लूट तथा मक्का के कम दाम जैसी समस्याओं को लेकर किसानों में भारी आक्रोश है। इन्हीं मुद्दों को लेकर किसान संघ ने आंदोलन का बिगुल फूंका है। संगठन के कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर किसानों को रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। प्रांत सदस्य सरदार सिंह, मूरत सिंह एवं प्रांत उपाध्यक्ष नारायण सिंह ने जटलापुर, देवरी, सनागपुर, पिपरिया बम्हनी सहित कई गांवों का दौरा कर किसानों से चर्चा की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिले की हर तहसील में किसान दिनभर खेतों में काम निपटाने के बाद शाम 6 से 9 बजे तक बैठकों में शामिल होकर रैली को सफल बनाने की तैयारी में जुटे हुए हैं। किसान संघ ने बताया कि यह आंदोलन किसानों की ज्वलंत समस्याओं के समाधान की दिशा में निर्णायक कदम होगा। ईएमएस / 14/11/2025