राष्ट्रीय
15-Nov-2025
...


मुंबई,(ईएमएस)। जयपुराइट्स के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुंबई के नए अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 25 दिसंबर से फ्लाइट संचालन शुरू हो रहा है, इसी दिन से जयपुर के लिए भी सीधी उड़ान शुरु होगी। इंडिगो एयरलाइंस ने जयपुर से नवी मुंबई रूट पर आवाजाही के लिए अपनी पहली सीधी फ्लाइट का शेड्यूल जारी किया है। दरअसल, नवी मुंबई एयरपोर्ट मॉडर्न सुविधाओं और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर से लैस है। एयरपोर्ट खुलने से मुंबई महानगर क्षेत्र में एयर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और यात्रियों को बेहतर विकल्प मिलेगा। जयपुर के लिए यह कनेक्टिविटी खास तौर पर महत्वपूर्ण होगी। क्योंकि अभी तक मुंबई यात्रा के लिए यात्रियों को भीड़भाड़ वाले छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर निर्भर रहना पड़ता था। इंडिगो एयरलाइंस द्वारा 25 दिसंबर से फ्लाइट नवी मुंबई से जयपुर के लिए दोपहर 2 बजकर 55 मिनट पर उड़ान भरेगी। जो शाम 4 बजकर 40 मिनट पर जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेगी। इसी तरह इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट जयपुर से नवी मुंबई के लिए शाम 5 बजकर 10 मिनट पर उड़ान भरेगी। जो शाम 6 बजकर 55 मिनट पर नवी मुंबई एयरपोर्ट पहुंचेगी। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, यह फ्लाइट शुरू होने से जयपुर और मुंबई महानगर क्षेत्र के बीच बिजनेस, पर्यटन और ट्रेड को बढ़ावा मिलेगा। नवी मुंबई एयरपोर्ट का लोकेशन भी बड़ा फायदा देगा, क्योंकि नवी मुंबई, ठाणे और पनवेल क्षेत्र के यात्रियों के लिए यह सफर को अधिक सुगम बनाएगा। वहीं जयपुर एयरपोर्ट पर बढ़ती कनेक्टिविटी से पिंक सिटी की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एयर कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। आशीष दुबे / 15 नवंबर 2025