- इस भयावह बाढ़ से करीब 3 ट्रिलियन का आर्थिक नुकसान का अनुमान हनोई,(ईएमएस)। वियतनाम में बाढ़ से हाहाकार मचा है। मीडिया रिपोर्ट में वियतनाम डिज़ास्टर एंड डाइक मैनेजमेंट अथॉरिटी के हवाले से बताया कि वियतनाम के सेंट्रल इलाके में भारी बारिश और बाढ़ से मरने वालों की संख्या 43 हो गई है जबकि नौ लोग लापता हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि बाढ़ से 67,700 से ज्यादा घर डूब गए हैं और 168 दूसरी संरचनाओं को नुकसान हुआ है। 13,000 हेक्टेयर से ज्यादा चावल और दूसरी फसलें, साथ ही 88 हेक्टेयर मछली पालन फार्म डूब गए, जबकि 30,700 से ज्यादा जानवर और मुर्गियां मारे गए या बह गए। रिपोर्ट के मुताबिक इस भयावह बाढ़ की वजह से करीब 3 ट्रिलियन वियतनामी डोंग के आर्थिक नुकसान का अनुमान है। इससे पहले बताया गया था कि ट्रांसपोर्ट सर्विस बुरी तरह से प्रभावित हुई हैं। वियतनाम रेलवे कॉर्पोरेशन ने हाल के दिनों में 14 पैसेंजर ट्रेनों को रोक दिया है। बिजली जाने से कई राज्यों में 1 मिलियन से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। खान होआ प्रांत के 14 इलाकों और वार्डों में करीब 9,000 घर पानी में डूब गए हैं। पहाड़ी इलाकों में बड़े पैमाने पर लैंडस्लाइड हुई, जिसके बाद ट्रैफिक में भी रुकावट आई। इसकी वजह से लोगों की सुरक्षा को खतरा है। हालांकि, बुधवार सुबह तक बाढ़ वाले इलाकों से 6,500 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू करके सुरक्षित जगहों पर भेजा जा चुका था। क्वांग ट्राई प्रांत और ह्यू शहर में बाढ़ के पानी में बह जाने के बाद एक-एक व्यक्ति के लापता होने की खबर है। इस बाढ़ में क्वांग ट्राई प्रांत और ह्यू शहर के 13,759 घर डूब गए। यहां पर 7,000 हेक्टेयर चावल के खेत बर्बाद हो गए। इसके अलावा बाढ़ में 357 जानवर और 4,900 मुर्गियां मर गई या बह गईं। क्वांग ट्राई प्रांत, ह्यू शहर, क्वांग न्गाई प्रांत और लाम डोंग प्रांत में ट्रांसपोर्ट नेटवर्क बुरी तरह बाधित हुआ है। सिराज/ईएमएस 21नवंबर25