वाशिंगटन (ईएमएस)। डॉक्टरों और न्यूट्रिशन विशेषज्ञों का मानना है कि दवाओं के साथ-साथ सही खान-पान भी कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विेशेषकर कुछ फल ऐसे हैं, जिन्हें नियमित रूप से खाने पर खराब एलडीएल कोलेस्ट्रॉल को कम करने और दिल को मजबूत रखने में काफी फायदा मिलता है। सबसे पहले बात करें सेब की। इसमें पाया जाने वाला पेक्टिन नामक घुलनशील फाइबर खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करता है। यह शरीर में मौजूद अतिरिक्त वसा को अवशोषित होने से रोकता है और पाचन को भी बेहतर बनाता है। रोजाना एक सेब का सेवन पेट भरा रखने के साथ वजन नियंत्रण में भी मदद करता है। इसी तरह अंगूर भी दिल के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। अंगूर में पाए जाने वाले पॉलीफेनॉल्स एलडीएल को ऑक्सीडाइज होने से बचाते हैं और धमनियों में प्लाक बनने की प्रक्रिया को धीमा करते हैं। इससे दिल से जुड़ी समस्याओं का खतरा काफी हद तक कम होता है। नींबू भी कोलेस्ट्रॉल कम करने के लिए एक प्रभावी फल माना जाता है। विटामिन सी और सिट्रिक एसिड से भरपूर नींबू शरीर में जमा वसा को कम करने में मदद करता है। सुबह खाली पेट गुनगुने पानी के साथ नींबू का सेवन लीवर को डिटॉक्स करता है और कोलेस्ट्रॉल स्तर को संतुलित बनाए रखता है। पपीता भी फाइबर से भरपूर होता है और इसमें मौजूद पपाइन एंज़ाइम पाचन तंत्र को स्वस्थ रखते हुए शरीर में जमा खराब कोलेस्ट्रॉल को घटाने में मदद करता है। संतरा भी ऐसा ही एक फल है, जिसमें सोल्यूबल फाइबर और फ्लैवोनॉयड्स पाए जाते हैं। ये तत्व न सिर्फ एलडीएल को कम करते हैं, बल्कि एचडीएल यानी अच्छे कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने में भी मदद करते हैं। संतरे का सेवन शरीर को ऊर्जा देता है और धमनियों में जमा वसा को घटाने में असरदार होता है। वहीं, अनानास में मौजूद ब्रोमेलिन वसा को तोड़ने में सहायक होता है। इसे नियमित रूप से खाने से हृदय स्वास्थ्य में सुधार देखा जा सकता है। ब्लूबेरी भी अपने एंटीऑक्सीडेंट और फाइबर गुणों के कारण दिल की सेहत के लिए बेहद लाभकारी है। यह धमनियों को साफ रखता है और खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने में प्रभावी होता है। विशेषज्ञों का कहना है कि कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखना केवल दवाओं से संभव नहीं है। संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और इन फलों का नियमित सेवन हृदय को लंबे समय तक स्वस्थ रखने का एक प्राकृतिक और सुरक्षित तरीका है। सुदामा/ईएमएस 23 नवंबर 2025