राष्ट्रीय
24-Nov-2025
...


भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत गडकरी ने कहा कि धर्मेंद्र न सिर्फ़ एक अच्छे अभिनेता बल्कि अच्छे इंसान नई दिल्ली,(ईएमएस)। बालीवुड अभिनेता धर्मेंद्र का सोमवार को मुंबई स्थित उनके घर पर 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। महीने की शुरुआत में सांस लेने में तकलीफ के कारण उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती किया गया था। बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र अपने पीछे छह दशकों से भी ज़्यादा की उल्लेखनीय सिनेमाई विरासत छोड़ गए हैं। उनकी आखिरी फिल्म इक्कीस 25 दिसंबर को रिलीज़ होगी। धर्मेंद्र के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जाहिर किया है। पीएम मोदी ने लिखा कि धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत है। वे एक प्रतिष्ठित फ़िल्मी हस्ती, एक अद्भुत अभिनेता थे जिन्होंने अपनी हर भूमिका में आकर्षण और गहराई दी। जिस तरह से उन्होंने विविध भूमिकाएँ निभाईं, उसने अनगिनत लोगों के दिलों को छुआ। उन्होंने लिखा कि धर्मेंद्र जी अपनी सादगी, विनम्रता और गर्मजोशी के लिए भी समान रूप से प्रशंसित थे। इस दुखद घड़ी में, मेरी संवेदनाएँ उनके परिवार, मित्रों और असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं। ॐ शांति। वहीं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि धर्मेंद्र न सिर्फ़ एक अच्छे अभिनेता थे, बल्कि एक अच्छे और सरल इंसान भी थे। मेरा उनसे व्यक्तिगत जुड़ाव था। वह देश और किसानों के लिए प्रतिबद्ध थे। फिल्मों में उनके काम को भुलाया नहीं जा सकता। उनके निधन से फिल्म उद्योग को बहुत बड़ी क्षति हुई है। वह मुझसे मिलने आते थे। उनके बेटों और हेमा मालिनी जी से मेरे अच्छे संबंध थे। धर्मेंद्र के परिवार में उनकी पत्नियाँ प्रकाश कौर और हेमा मालिनी, और छह बच्चे -अभिनेता सनी देओल, बॉबी देओल, ईशा देओल और अहाना देओल, साथ ही अजीता और विजेता हैं। आशीष दुबे / 24 नवबंर 2025