-श्रीनगर में पारा -3.2 डिग्री सेल्सियस, दिल्ली में एक्यूआई खराब श्रेणी में नई दिल्ली,(ईएमएस)। देश के कई राज्यों में नवंबर में ही ठंड का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। तापमान गिरने लगा है। कश्मीर घाटी में ठंड ने इस बार नवंबर में ही रिकॉर्ड तोड़ दिया है। तेज बर्फीली हवाओं और गिरते तापमान ने लोगों के जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बांदीपोरा में पारा -4.1 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का, जो इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। वहीं, हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और मनाली में भी तापमान रिकॉर्ड तोड़ने लगा है। इसके अलावा उत्तराखंड के कई जिलों में भी तापमान तेजी से नीचे गिर रहा है। दिल्ली और एनसीआर लगातार तीसरे सप्ताह से गंभीर वायु प्रदूषण की चपेट में है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक सोमवार को दिल्ली का एक्यूआई 396 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। आने वाले दिनों में और बुरा हाल होने वाला है। हालांकि एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में स्थिति और भी भयावह है, जहां एक्यूआई 450 के स्तर को पार पहुंच गया। यूपी में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। अब धीरे-धीरे रात के समय ठंडक बढ़ती जा रही है। आने वाले दिनों में ठंडक में इजाफा हो सकता है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पिछले 2–3 दिनों से जारी तापमान में गिरावट का सिलसिला अगले 48 घंटों तक जारी रहेगा। प्रदेश में किसी सक्रिय मौसम तंत्र के न होने और ठंडी और शुष्क पछुआ, उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव के कारण सर्दी लगातार बढ़ रही है। 25 नवंबर को प्रदेश में मौसम शुष्क रह सकता है। इस दौरान दोनों हिस्सों में सुबह के समय कहीं-कहीं पर कोहरा छा सकता है। इसी तरह 26, 27 और 28 नवंबर को प्रदेश में मौसम साफ रह सकता है। सुबह कोहरा छा सकता है। 29 और 30 नवंबर को भी प्रदेश में मौसम साफ रहने के साथ ही कोहरा छाने की संभावना है। बिहार में सर्दी के साथ ही कोहरा भी बढ़ रहा है और साथ ही प्रदूषण भी खतरनाक लेवल तक बढ़ गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। वहीं उत्तराखंड में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने से ठंड बढ़ी है। उत्तराखंड में मौसम लगातार शुष्क बना हुआ है लेकिन तापमान में गिरावट आ रही है। न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है, जिसके चलते पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी जनपदों तक ठिठुरन होने लगी है। मौसम केंद्र के मुताबिक फिलहाल मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक इसी प्रकार बना रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों में पाला गिरने और मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्का कोहरा छा सकता है। देहरादून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में सोमवार को तेज धूप खिली रही। हालांकि न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से दिन के समय भी खासी ठंड महसूस की गई है। सिराज/ईएमएस 25नवंबर25