भिंड ( ईएमएस ) | जिले के रौन थाना क्षेत्र के बहादुरपुरा गांव में मामूली विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। साथ ही, उसके भाई-बहन भी गोली लगने से घायल हो गए। घायल हालत में मृतक के दोनों भाई-बहन को देर रात जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार बहादुरपुरा निवासी संजीव सिंह भदौरिया के बेटे राज भदौरिया उम्र 19 साल और उसका भाई मयंक भदौरिया मंगलवार शाम को अपने घर के बाहर लकड़ी से आग जलाकर ताप रहे थे। संजीव ने बताया कि इसी दौरान अभिषेक भदौरिया पुत्रbशेर सिंह भदौरिया वहां नशे की हालत में पहुंचा। राज और मयंक यहां से आग की लकड़ी अंदर ले जा रहे थे। अभिषेक ने रोका और विवाद बढ़ने लगा। कुछ देर बाद अभिषेक का भाई मिलन भदौरिया भी यहां पहुंच गया। जब बच्चों के संजीव भदौरिया ने विवाद रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने गाली-गलौज की और कट्टे से एक हवाई फायर कर मौके से चले गए। करीब आधे घंटे बाद अभिषेक, मिलन और अतरसुमा से आए उनके चार साथी वापस पहुंचे। आरोपियों के पास एक पिस्टल, एक कट्टा और एक अधिया थी। आते ही उन्होंने घर के बाहर खड़े परिवार पर 7-8 राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग में राज को सीने में गोली लग गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी बहन पिंकी भदौरिया और छोटा भाई मयंक भदौरिया गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले जिला अस्पताल और बाद में ग्वालियर रेफर किया गया। मृतक राज भदौरिया और आरोपी पक्ष के लोग एक ही परिवार के हैं। इनके बीच पहले से कोई रंजिश नहीं बताई गई है। मंगलवार शाम को मृतक और आरोपी के बीच मुंहवाद हुआ और इसी ने इतनी बड़ी वारदात का रूप ले लिया।