राज्य
27-Nov-2025
...


:: नूतन मुनिराज कलश पुण्यविजय की बड़ी दीक्षा का सौभाग्य; 50 से अधिक साधु-साध्वियों का सानिध्य मिलेगा :: इंदौर (ईएमएस)। द्वारकापुरी स्थित शीतलनाथ जैन श्वेताम्बर मंदिर पर आगामी 3 से 6 दिसंबर तक आयोजित होने वाले चार दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। गुरुवार को मंदिर परिसर में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में महोत्सव के लाभार्थी परिवारों और ट्रस्ट मंडल के सदस्यों ने परंपरागत परिधान में निमंत्रण पत्रिका का लेखन कार्य श्रेष्ठ मुहूर्त में संपन्न किया। इसके साथ ही, मंदिर पर शंखेश्वर पार्श्वनाथ, नाकोड़ा भैरव देव, भौमियाजी एवं आचार्य वीररत्न सूरीश्वर म.सा. की दिव्य प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की औपचारिक तैयारियां भी प्रारंभ हो गई हैं। इस बार द्वारकापुरी श्रीसंघ को नूतन मुनिराज कलश पुण्यविजय म.सा. की बड़ी दीक्षा का भी सौभाग्य मिलेगा, जो महोत्सव का मुख्य आकर्षण है। इस दिव्य अनुष्ठान में आचार्य श्रीमद विजय पद्मभूषणरत्न सूरीश्वर, आचार्य श्रीमद विजय जिन सुंदर सूरीश्वर, आचार्य श्रीमद विजय धर्मबोधि सूरीश्वर म.सा. सहित 50 से अधिक साधु-साध्वी-भगवंतों का पावन सानिध्य प्राप्त होगा। मंदिर ट्रस्ट की ओर से अध्यक्ष संजय नाहर, उपाध्यक्ष सुशील कुकड़ा एवं सचिव चेतन भंडारी ने बताया कि गुरुवार को श्रेष्ठ मुहूर्त में पत्रिका का विधिवत लेखन कार्य संपन्न हुआ। पत्रिका मुहूर्त में विधिकारक अरविन्द चोरड़िया के निर्देशन में राखेचा परिवार, तांतेड परिवार, सोलंकी परिवार, संचेती, सोनी, मेहता, व्होरा, देवड़ा परिवार सहित अनेक उदारमना परिवारों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई। इस अवसर पर सुशील जैन, अजय जैन, संजय सोलंकी सहित ट्रस्ट मंडल के कई सदस्य और बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित थे। महोत्सव का शुभारंभ बुधवार, 3 दिसंबर को सुबह 7:30 बजे से होगा, जब साधु-साध्वी-भगवंतों का बालाजी गार्डन फूटी-कोठी से मंदिर प्रांगण तक भव्य मंगल प्रवेश होगा। इसके बाद सुबह 9:15 बजे आचार्य विजय पदमभूषण रत्न सूरीश्वर के संयम जीवन प्रवेश का 48वां उत्सव मनाया जाएगा। दिन में जलयात्रा, कुंभ स्थापना सहित विभिन्न पूजन कार्यक्रम होंगे, जबकि शाम 7 बजे भक्ति संगीत का आयोजन होगा। गुरुवार, 4 दिसंबर को सुबह 8:30 बजे से भव्य रथ यात्रा निकलेगी, जिसके बाद दोपहर में अठारह अभिषेक महापूजन का आयोजन किया जाएगा। शुक्रवार, 5 दिसंबर को सुबह 5:15 बजे से नूतन मुनिराज कलश पुण्यविजय म.सा. की बड़ी दीक्षा का महोत्सव शुरू होगा, जिसके बाद दोपहर 12:39 बजे शुभ मुहूर्त में गुरु मूर्ति और देव प्रतिष्ठा के आयोजन संपन्न होंगे। महोत्सव का समापन शनिवार, 6 दिसंबर को सुबह 9 बजे भव्य प्रतिष्ठा महोत्सव के साथ होगा। प्रकाश/27 नवम्बर 2025