राज्य
27-Nov-2025
...


:: पूज्या अमीझरा श्रीजी की देवरी का अनावरण; चातुर्मास में हुआ था देवलोक गमन :: इंदौर (ईएमएस)। हाईलिंक सिटी स्थित श्री पार्श्व कल्पतरुधाम में गुरुवार को श्री धारणी धर पार्श्वनाथ जिनालय पर सैकड़ों श्वेतांबर जैन समाज जनों का समागम हुआ। इस अवसर पर पूज्य मातृहृदय अमित गुणा श्रीजी महाराज सा. आदि ठाणा एवं साध्वी संघ की निश्रा में विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए। जिनालय में स्थापित देव-देवी, गुरु भगवंतों सहित विभिन्न प्रतिमाओं का सुगंधित द्रव्यों और जड़ी बूटियों से विधि विधान के साथ 18 अभिषेक किया गया। तकरीबन 4 घंटे तक चले इस पूजन के दौरान पश्चिमी क्षेत्र श्री धरणीधर पार्श्वनाथ भगवान के जय घोष से गूंजायमान रहा। इस अवसर पर सबसे महत्वपूर्ण आयोजन पूज्य अमीझरा श्रीजी महाराज सा की देवरी (चित्र प्रतिकृति) का अनावरण रहा। श्री धरणीधर पार्श्व श्रीसंघ अध्यक्ष पुंडरीक पालरेचा ने बताया कि चातुर्मास के दौरान 9 अगस्त (रक्षाबंधन) के दिन पूज्या अमीझरा श्रीजी महाराज सा ने मानव शरीर का त्याग कर देवलोक गमन किया था। गुरुवार को उन्हीं की गुरुवर्या पूज्य अमित गुणा श्रीजी महाराज सा आदि ठाना साध्वी श्रीसंघ के द्वारा राजस्थान के मकराना मार्बल से निर्मित उनकी देवरी का अनावरण समाजजनों की उपस्थिति में किया गया। पूज्या अमीझरा श्रीजी ने मात्र 14 वर्ष की उम्र में सांसारिक जीवन का त्याग कर दीक्षा ली थी और 40 वर्षों तक संयम के मार्ग पर निरंतर भगवान महावीर की वाणी को देश भर में पहुँचाया। उनके अनुयायी राजस्थान, गुजरात, मुंबई, चेन्नई सहित कई शहरों में हैं। स्वर कोकिला के नाम से ख्यात अमीझरा श्रीजी को उनकी वाणी के कारण विशेष पहचान मिली थी। उनका सांसारिक जीवन उज्जैन जिले के बड़नगर से संबंधित रहा है। उन्होंने अपने जीवनकाल में 8 शिष्याओं को दीक्षा दी और देश के कई राज्यों में पैदल विहार किया। अध्यक्ष पुंडरीक पालरेचा ने बताया कि विधान संजय छाजेड़ (सुवासरा) वालों द्वारा संपन्न किया गया। सुबह 9 बजे से शुरू हुआ समाज जनों का आगमन दोपहर 2 बजे तक जारी रहा। इस आयोजन में प्रमुख रूप से शांतू पलरेचा, रमेश मारू, धर्म प्रकाश सेठी, अजीत चोपड़ा, मनोज लालवानी, रीना जैन, सुधा बम, अंगुरबाला पालरेचा, हर्षित पोरवाल, मुकेश चोपड़ा सहित अनेक श्री संघ सदस्यों की सहभागिता रही। प्रकाश/27 नवम्बर 2025