:: विश्व प्रसिद्ध खजराना गणेश को लगेंगे चांदी के कान; कल सजेगा केले के पत्तों का मंडप, 56 भोग लगेंगे :: इंदौर (ईएमएस)। विश्व प्रसिद्ध भगवान खजराना गणेश मंदिर में उनके परिवार के सदस्य भगवान शुभ लाभ का 19वाँ स्थापना दिवस आज (शनिवार) से उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। संस्था शुभ लाभ गणेश्वरी परिवार द्वारा आयोजित इस द्विदिवसीय उत्सव की शुरुआत आज उबटन अर्पित कर होगी, वहीं रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री गणेश परिवार को रत्न जड़ित पोशाक पहनाई जाएगी। इस वर्ष का मुख्य आकर्षण यह है कि भगवान खजराना गणेश को चांदी से निर्मित कान समर्पित किए जाएंगे। संस्था शुभ लाभ गणेश्वरी परिवार के अध्यक्ष आशुतोष शर्मा और सचिव महेश शर्मा ने बताया कि उनके माता-पिता स्वर्गीय श्रीमती पार्वती प्रेम नारायण शर्मा ने वर्ष 2006 में भगवान शुभ लाभ की स्थापना इस दिव्य मंदिर में की थी, और तभी से प्रतिवर्ष यह स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। आज (शनिवार, 29 नवंबर 2025) को उत्सव की शुरुआत उपटन (उबटन) अर्पित कर होगी, जिसके साथ ही भव्य फूल बंगला भी सजेगा। कल (रविवार, 30 नवंबर 2025) को मंदिर परिसर को केले के पत्तों से सजाया जाएगा। विधि विधान के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रृंगार किया जाएगा। इस दिन भगवान श्री गणेश परिवार को रत्न जड़ित पोशाक पहनाई जाएगी और छप्पन भोग एवं महाप्रसादी का आयोजन रखा गया है। आशुतोष शर्मा ने बताया कि स्थापना दिवस पर प्रमुख रूप से हीरे के नेत्र, विशेष प्रकार की पोशाक एवं अन्य सज्जा सामग्रियां भगवान को समर्पित की जाती हैं। इस 19वें स्थापना दिवस पर भगवान खजराना गणेश को चांदी के कान भेंट किए जा रहे हैं। भगवान शुभ लाभ की प्राण प्रतिष्ठा में पंडित अशोक भट्ट और पुनीत भट्ट के साथ तत्कालीन कलेक्टर विवेक अग्रवाल ने विशेष सहयोग प्रदान किया था। सचिव महेश शर्मा ने इस मंदिर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रणथंबोर गणेश मंदिर के बाद, खजराना गणेश मंदिर देश का एकमात्र ऐसा मंदिर है जहां पर भगवान शुभ लाभ भगवान गणेश परिवार के साथ विराजमान हैं। इनकी स्थापना का मुख्य उद्देश्य देश में सुख, शांति और उन्नति तथा इंदौर शहर के विकास में उत्कृष्ट भूमिका रहा है। इस आयोजन में अभी तक देश के ख्यात संत महात्मा और विशिष्ट जनों की सहभागिता रही है, जिनमें प्रमुख रूप से महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि महाराज, महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी, पंडित प्रदीप मिश्रा, रावतपुरा सरकार, अन्ना महाराज, राधे राधे बाबा आदि शामिल हैं। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय आदि भी इन आयोजनों में शामिल होते रहे हैं। प्रकाश/28 नवम्बर 2025