क्षेत्रीय
01-Dec-2025


दिसंबर की शुरुआत भी बढ़े तापमान से छिंदवाड़ा (ईएमएस)। नवंबर के महीने में मौसम का सर्द-गर्म मिजाज बना रहा। महीना खत्म होने को है। नवंबर महीने की शुरुआत में गुलाबी ठंड से हुई पहला पखवाड़ा आते तक सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन वाली ठंड का अहसास जिले भर में हुआ। दूसरे पखवाड़े में मौसम ने फिर करवट ली और कभी धूप और कभी छांव का खेल शुरू हेा गया। महीने के तीसरे सप्ताह में तापमान 6 से 8 डिग्री तक आ पहुंचा लेकिन उसके बाद मौसम ने फिर यू टर्न लिया आसमान में बादलों ने डेरा जमा लिया। इस दौरान सर्द हवाएं भी गायब हो गई और तापमान भी चढऩे लगा। तीन दिन पहले अधिकतम तापमान 27 डिग्री के आसपास पहुंच गया तो न्यूनतम तापमान भी 15 डिग्री के आसपास आ गया। गुरुवार को आसमान साफ होने के बाद फिर ठंडी हवाओं के झोंके चलने लगे और शुक्रवार को रात का तापमान अचानक 3 डिग्री गिरकर 12 डिग्री पर आ पहुंचा। शनिवार को न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री और नीचे गिरकर 9 .4 डिग्री पर आ पहुंचा। शनिवार की सुबह तीखी ठंड महसूस हुई और दोपहर तक ठंडी हवाएं चलती रही। लेकिन रविवार की रात को ठंड का जोर फिर कम हेा गया। 1 दिसंबर की सुबह रात का तापमान 2 डिग्री बढक़र फिर 11.8 डिग्री के आसपास पहुंच गया। इस बार मौसम की अनिश्चितता पूरे नवंबर महीने दिखाई दी। तापमान 6 डिग्री तक दर्ज किया गया तो इससे ये अनुमान लगाया जा रहा था कि इस बार जिले में ठंड अपने पिछले रिकार्ड को तोड़ देगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बीच के कुछ दिनों में दिन और रात का तापमान फिर बढ़ गया। मौसम वैज्ञानिक आने वाले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना बता रहे हैं। आसपास के जिलों का भी असर छिंदवाड़ा सहित उससे लगे जिलो में भी मौसम का यही रुख है। सिवनी, नरसिंहपुर, बैतूल में भी पिछले एक सप्ताह से तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। महाराष्ट्र से सटे इलाकों में भी तापमान में बढ़ोतरी ही देखी जा रही है। दिसंबर के शुरू होते ही कड़ाके की ठंड पडऩे की संभावना मौसम विभाग ने बताई है। ईएमएस/मोहने/ 01 दिसंबर 2025