राष्ट्रीय
04-Dec-2025


पटना,(ईएमएस)। जदयू के वरिष्ठ विधायक नरेंद्र नारायण यादव को 18वीं बिहार विधानसभा का उपाध्यक्ष चुना गया है। केवल एक नामांकन होने के कारण उन्हें निर्विरोध जीत हासिल हुई। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका मंत्री विजय कुमार चौधरी ने समर्थन किया। नरेंद्र नारायण यादव इससे पहले मौजूदा विधानसभा में प्रोटेम स्पीकर की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इससे पहले भी 17वीं विधानसभा में वे सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष चुने गए थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जदयू के सबसे अनुभवी एवं प्रभावशाली विधायकों में उनकी गिनती होती है। मधेपुरा जिले के आलमगंज विधानसभा क्षेत्र से आने वाले यादव पहली बार 1995 में विधानसभा पहुंचे थे। 2025 के चुनाव में उन्होंने लगातार आठवीं जीत हासिल कर अपनी राजनीतिक मजबूत पकड़ को और मजबूत किया। वे सीएम नीतीश कुमार की कैबिनेट में मंत्री भी रह चुके हैं। लगातार आठ बार विधायक बनने और कई अहम पदों पर काम करने के बाद नरेंद्र नारायण यादव की यह नियुक्ति जदयू के अंदर उनके बढ़ते कद को दर्शाती है। विधानसभा संचालन में उनकी भूमिका आने वाले समय में और भी अहम मानी जा रही है। सिराज/ईएमएस 04दिसंबर25