ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज जबलपुर, (ईएमएस)। अधारताल थाना क्षेत्र में रिछाई इंडस्ट्रियल एरिया उदयपुर वेवरेज फैक्ट्री शीतलपेय प्राईवेट लिमिटेड में गत 20 नवंबर को हुई एक दुर्घटना में एक श्रमिक की मौत होने और दो के घायल होने के मामलें में जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है| घटना के संबंध में अधारताल पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत 20 नवंबर की शाम 5.15 बजे रिछाई फैक्ट्री में काम के दौरान लोहे का मटेरियल गिरने से आई चोटों के कारण रांची झारखंड निवासी 38 वर्षीय श्रमिक महादेव उरवा की मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मृत्यु हो गई थी| वहीं इस दुर्घटना में बिंदेश्वर साहू और धनवीर सिंह ठाकुर घायल हो गए थे| पुलिस ने मर्ग कायम कर मामलें की विवेचना शुरु की| इस दौरान घटना के साक्षियों के बयान लिए गए जिसमें यह बात सामने आई कि सभी श्रमिक ठेकेदार भोपाल निवासी गिरवल सिंह के अंडर में काम करते थे| घटना के समय लोहे के रैक, गोदरेज इस्ट्रक्चर खड़ा करने के दौरान, इस्ट्रक्चर अचानक गिर गया, जिससे यह हादसा हुआ| जांच में यह बात भी सामने आई कि ठेकेदार गिरवल सिंह के द्वारा लोहे के रैक , गोदरेज इस्ट्रक्चर खड़ा करवाते समय कोई भी सुरक्षा का इंतजाम नहीं किया गया था, लिहाजा लापरवाही के चलते एक श्रमिक की जान गई और दो श्रमिक घायल हुए। पुलिस ने बयानों के अधार पर ठेकेदार गिरवल सिंह के खिलाफ धारा 106(1),125 (ए) बीएनएस 2023 का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। सुनील साहू / मोनिका / 04 दिसंबर 2025/ 05.05