10 फोर-व्हीलर सहित मिली अकूत संपत्ति सीधी(ईएमएस)। सीधी में खुखरा हाई स्कूल का प्रिंसिपल अभिमन्यु सिंह फॉच्र्यूनर, इको स्पोट्र्स, बोलेरो, इंडिका, जेसीबी, ट्रैक्टर, हार्वेस्टर समेत 10 फोर-व्हीलर और 4 टू-व्हीलर गाडिय़ों का मालिक निकला। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ की छापामार कार्रवाई में सीधी शहर में बने 7500 वर्गफीट वाले मकान का पता चला है, जिसकी अनुमानित कीमत डेढ़ करोड़ रुपए है। इसके अलावा तीन अन्य मकान हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 2 करोड़ रुपए है। करीब सात लाख रुपए के सोने और पांच लाख रुपए के चांदी के आभूषण मिले हैं। प्रिंसिपल अभिमन्यु सिंह के घर पर शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे 50 सदस्यीय टीम ने छापा मारा। अफसरों ने एक साथ अमहा स्थित ऊंची हवेली, मड़वास गांव में बने पुश्तैनी घर और कुसमी स्थित संपत्तियों की जांच शुरू की। उनका बैंक लॉकर भी खंगाला जा रहा है। ईओडब्ल्यू ने अभिमन्यु सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया है। दो महीने पहले दर्ज हुई थी शिकायत ईओडब्ल्यू की टीम ने खटखटाया तो प्राचार्य अभिमन्यु सिंह ने घर का दरवाजा खोला। इसके बाद 13 लोगों की टीम अंदर दाखिल हो गई। इसी दौरान दो अन्य ठिकानों पर भी अलग-अलग टीमें पहुंचीं। टीम के कार्यवाहक निरीक्षक हरीश त्रिपाठी ने बताया कि यह कार्रवाई दो महीने पहले रीवा ईओडब्ल्यू कार्यालय में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद यह रेड मारी गई है। अभिमन्यु सिंह ने साल 1998 में सरकारी नौकरी शुरू की थी। विनोद उपाध्याय / 05 दिसम्बर, 2025