राज्य
05-Dec-2025
...


-निशातपुरा से शुरू होगी बड़ी सुविधा, दो ट्रेन हुईं फाइनल, कई अन्य को भी मिल सकता है हॉल्ट भोपाल (ईएमएस) । नए साल में राजधानी को एक और बड़ी रेल सुविधा मिलने जा रही है। रेलवे ने आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी है कि जनवरी 2026 में निशातपुरा स्टेशन शुरू कर दिया जाएगा। लंबे समय से तैयार यह स्टेशन अब यात्री सेवाओं के साथ एक्टिव होगा। शुरुआत में जबलपुर-सोमनाथ एक्सप्रेस और मालवा एक्सप्रेस यहां रुकेंगी। इससे भोपाल, हबीबगंज और सुभाष नगर स्टेशनों पर बढ़ते ट्रैफिक का बोझ कम होगा। स्टेशन को भोपाल का चौथा बड़ा स्टेशन बनाया जा रहा है। इससे पुराने भोपाल- खासकर करोंद, लालघाटी, गांधी नगर, अयोध्या नगर, आनंद नगर, भीमनगर और आसपास के लाखों यात्रियों को सफर में बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें मुख्य स्टेशन पहुंचने के लिए ज्यादा दूरी और समय खर्च नहीं करना पड़ेगा। स्टेशन परिसर में पार्किंग, टिकटिंग, यात्री सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था का काम फाइनल स्टेज पर है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार आगे और कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को निशातपुरा से हॉल्ट देने पर विचार चल रहा है। इनमें जयपुर-चेन्नई एक्सप्रेस, अजमेर-हैदराबाद एक्सप्रेस, इंदौर-हावड़ा, इंदौर-राजेंद्र नगर, विंध्याचल, राज्यरानी, भोपाल-बीना मेमू, बिलासपुर एक्सप्रेस, झांसी-इटारसी पैसेंजर जैसी ट्रेनें शामिल हैं। भोपाल आउटर पर ट्रेनों को खड़ा रखने की समस्या भी इस स्टेशन के शुरू होने से काफी हद तक खत्म होगी। भोपाल स्टेशन का दबाव कम होगा भोपाल रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि निशातपुरा स्टेशन 2023 से तैयार किया जा रहा है और इसके अधिकतर कार्य पूरे हो चुके हैं। फिलहाल रेलवे द्वारा अंतिम परीक्षण किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नव वर्ष में इस स्टेशन को शुरू करने की तैयारी चल रही है। जैसे ही उद्घाटन कार्यक्रम की अनुमति प्राप्त होगी, स्टेशन को ऑपरेशन में लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब तक मालवा एक्सप्रेस और जबलपुर-वरावल (सोमनाथ) एक्सप्रेस का हॉल्ट निशातपुरा में नोटिफाई किया जा चुका है। भोपाल स्टेशन परिचालन की दृष्टि से अत्यधिक कंजस्टेड है। ट्रेनों का लगातार रिवर्सल होना यात्रियों की यात्रा में देर कराता है। निशातपुरा शुरू होने से न सिर्फ ऑपरेशन आसान होगा, बल्कि भोपाल के भीड़भाड़ वाले हिस्से में जाने का समय भी बचेगा। यात्री सीधे अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। उन्होंने यह भी संकेत दिए कि भविष्य में यात्रियों की मांग और लोड के आधार पर और ट्रेनों के हॉल्ट बढ़ाए जाएंगे। कई गाडिय़ों के रूट और ठहराव का मूल्यांकन किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को अधिकतम सुविधा मिल सके।