राज्य
05-Dec-2025


सिहोरा जबलपुर (ईएमएस)। जनपद शिक्षा केंद्र सिहोरा में विकासखंड स्तरीय दिव्यांग खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विकासखंड के विभिन्न स्कूलों में पढऩे वाले दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि अरविंद धुर्वे बीईओ,बृजेश कुमार श्रीवास्तव बीआरसी,शैलेंद्र कुमार मिश्रा,अश्वनी उपाध्याय, विपिन कुररिया द्वारा किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को मंच प्रदान करना और खेल के माध्यम से उनकी प्रतिभा तथा आत्मविश्वास को बढ़ाना था। बच्चों ने कई रोमांचक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इनमें 50 मीटर दौड़, 100 मीटर दौड़,कुर्सी दौड़,चम्मच नींबू दौड़,और जलेबी दौड़ जैसी शारीरिक प्रतियोगिताएँ शामिल थीं। इसके अतिरिक्त, बच्चों ने अपनी रचनात्मकता को चित्रकला प्रतियोगिता और रंगोली प्रतियोगिता में भी बखूबी दर्शाया। आयोजन के समापन पर प्रथम,द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली दिव्यांग बच्चों को मेडल, प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। अन्य सभी प्रतिभागी बच्चों को भी सांत्वना मेडल, प्रमाण पत्र और पुरस्कार वितरित किए गए, ताकि उनका मनोबल बना रहे। इनका रहा सहयोग आयोजन में विष्णु कुमार पटेल,संजय सिंह,राकेश मिश्रा,संजीव गुप्ता,राम किशोर,अशोक मिश्रा, श्याम राव मंडेलकर,राजेश तिवारी तथा शिक्षक अशोक तिवारी,आशीष कुमार,प्रमोद बर्मन,विजय आदि का सहयोग रहा इस अवसर पर सभी दिव्यांग बच्चों के पालक भी उपस्थित थे। ईएमएस / 05/12/2025