दुर्ग(ईएमएस)। जिले के मोतीपुर में भाजपा नेता तुलेश सिगौर पर अवैध बिजली कनेक्शन काटने पर लाइन मैन से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना अमलेश्वर थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि राजनीतिक दबाव के कारण अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। जानकारी के अनुसार लाइन मैन राजकुमार शर्मा ने तुलेश सिगौर के अवैध बिजली कनेक्शन को काट दिया। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर गुस्से में आ गया और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसने राजकुमार शर्मा को गाली दी और जान से मारने की धमकी भी दी। घायल लाइन मैन की एमएलसी कराई गई। पीड़ित लाइन मैन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने का प्रयास कर रहा था, लेकिन आरोप है कि पुलिस राजनीतिक दबाव के कारण कोई कार्रवाई नहीं कर रही। घटना के संबंध में न्याय और कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आज बिजली विभाग के लाइन सहायक वर्ग दो संगठन की ओर से कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 दिसम्बर 2025