राज्य
10-Dec-2025
...


- दोनो आरोप सगे भाई, रेंट एग्रीमेंट के आधार पर वोटर आईडी और आधार कार्ड - जहॉ का पता दिया वहॉ कभी रहे ही नहीं - इन्हीं दस्तावेजो के आधार पर बनवा लिया पासपोर्ट - इंटेलिजेंस से जांच के लिए आये लेटर के बाद हुआ खुलासा भोपाल(ईएमएस)। राजधानी भोपाल में पुलिस की लापरवाही से बांग्लादेश के नागरिकों का भारतीय पासपोर्ट बनने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया गया है दोनो आरोपी सगे भाई है, जिन्होनें पहले आधार कार्ड और वोटर आईडी कार्ड तैयार कराया इसके बाद इन फर्जी दस्तावेज़ों का इस्तेमाल कर भारतीय पासपोर्ट बनवा लिया। सूत्रो के मुताबिक दोनो आरोपी फर्जी ढंग से बनवाये गये पासपोर्ट के बाद लापता हो गये है। लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं हुई। मामले का खुलासा संदेह होने पर तब हुआ जब इंटेलिजेंस की ओर से इस मामले की जांच के लिए सहायक पुलिस आयुक्त अंजली रघुवंशी के पास एक पत्र आया था। पुलिस की जांच के बाद इन दोनों संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक भाइयों पर धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। * यह है मामला पुलिस के मुताबिक संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक मोह. रिहान अंसारी पिता सफकूल हक अंसारी और मोह. मकबूल अंसारी पिता सफकूल हक अंसारी ने राजवैद्य कॉलोनी, कोलार रोड के पते का उल्लेख कर भारतीय पासपोर्ट बनवाया था। संदेह होने पर इंटेलिजेंस की ओर से इस मामले की जांच के लिए सहायक पुलिस आयुक्त के पास एक पत्र आया था। पुलिस आयुक्त ने अपनी जांच में पाया कि दोनों आरोपियो ने 7 अगस्त 2014 से 11 माह के लिए कोलार की राजवैद्य कॉलोनी (कोलार रोड) के पते पर मकान मालिक लक्ष्मी ठाकुर के साथ एक नोटरी पर किरायेदारी का अनुबंध पत्र प्रस्तुत किया था। इस एग्रीमेंट के आधार पर उन्होंने आधार कार्ड और मतदाता परिचय पत्र बनवाए थे। बाद में इन्हीं दस्तावेज को पासपोर्ट बनवाने के दौरान पेश किया गया था। जांच में सबसे चौकानें वाली बात यह सामने आई की दोनों आरोपी भाई कभी उस मकान में रहे ही नहीं थे। इस बात का खुलासा मकान मालिक के बयानों से हुआ। जांच के आधार और सुरक्षा एवं गुप्तवार्ता के पत्र के बाद कोलार पुलिस ने ने दोनों आरोपियो के खिलाफ धोखाधड़ी और पासपोर्ट अधिनियम की धाराओं में मामला कायम कर लिया है। सूत्रो के मुताबिक मामले में सत्यापन में बड़ी चूक हुई जिसे लेकर पासपोर्ट विभाग ओर कोलार पुलिस सवालों के घेरे में नजर आ रही है। * अन्य व्यक्ति या एजेंट की भुमिका की भी जॉच कर रही पुलिस इस मामले से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। पुलिस आरोपियो की तलाश के साथ ही इस बात की भी जांच कर रही है, कि इस पूरी प्रक्रिया में किसी स्थानीय व्यक्ति या एजेंट ने तो आरोपियो की मदद नहीं की थी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों फरार बांग्लादेशी नागरिको का पकड़ लिया जायेगा। एफआईआर दर्ज करने के बाद कोलार पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। पासपोर्ट लेने के बाद से गायब दोनों भाईयो की वर्तमान स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है, जिसके लिये साइबर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें भी जुटी है। हालांकि पुलिस को अभी तक उनकी कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लग सकी है। जुनेद / 10 दिसंबर