राज्य
11-Dec-2025


- प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विश्व का तीसरा देश जो दुश्मन को घर में घुसकर मारता है - दुनिया आज भारत और भाजपा की ओर देख रही है - कांग्रेस के शासनकाल में नक्सलवाद शुरू हुआ, भाजपा सरकार ने खत्म किया - डॉ. मोहन यादव - भाजपा की पहचान युवा मोर्चा से है, पार्टी को आगे ले जाने की जिम्मेदारी भी युवाओं पर - सरकार और पार्टी के कार्यों को जनता तक पहुंचाने का कार्य करें युवा मोर्चा कार्यकर्ता - युवा मोर्चा कार्यकर्ता ऐसा कार्य करें कि हर घर-मोहल्ले में भाजपा का परचम लहराए- हेमंत खण्डेलवाल भोपाल (ईएमएस) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने गुरूवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के पदभार ग्रहण कार्यक्रम को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत, अमेरिका और इजराइल के साथ विश्व का तीसरा ऐसा देश है जो दुश्मन को उसके घर में घुसकर मारता है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत का सम्मान वैश्विक स्तर पर बढ़ा है। आज दुनिया भारत और भारतीय जनता पार्टी की ओर देख रही है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस के शासनकाल में नक्सलवाद प्रारंभ हुआ था। भाजपा सरकार नक्सलवाद और माओवाद को लगभग जड़ से खत्म कर दिया है। आज दो नक्सलवादियों के सरेंडर करने के बाद मध्यप्रदेश में नक्सलवाद लगभग समाप्त हो गया है, जो सरेंडर नहीं कर रहे हैं, उन्हें मारा जा रहा है। भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता सरकार के कार्यों को युवाओं और जनता तक पहुंचाएं और उन्हें बताएं कि भाजपा सरकार किस तरह से हर समाज, वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि जैसे किसी परिवार की पहचान उसके बेटे-बेटी से होती है, उसी प्रकार भाजपा की पहचान युवा मोर्चा से है। भाजपा संगठन को आगे ले जाने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के सपने 2047 के भारत को विकसित भारत बनाने की जिम्मेदारी भी युवाओं पर है। युवा मोर्चा कार्यकर्ता ऐसा कार्य करें कि भाजपा का परचम हर घर-मोहल्ले में लहराए। युवा मोर्चा कार्यकर्ता भाजपा सरकार और संगठन के कार्यों को जनता तक पहुंचा कर पार्टी संगठन को बुलंदियों तक पहुंचाएं। कार्यक्रम को युवा मोर्चा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार एवं युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने भी संबोधित किया। प्रदेश सरकार ने नक्सलवाद और माओवाद को लगभग जड़ से खत्म कर दिया है- डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में नक्सलवाद की समस्या को समाप्त करने के लिए कोई प्रयास नहीं किया गया। मध्यप्रदेश के बालाघाट, मंडला, डिंडौरी में नक्सलवाद छाया हुआ था। कांग्रेस कोई भी कार्यवाही करने को तैयार नहीं थी। उसका परिणाम जनता ने देखा है, जब नक्सलवादियों ने कांग्रेस के एक तत्कालीन प्रदेश शासन के मंत्री को घर से निकाला और चौराहे पर खड़ा करके कुल्हाड़ी से उनकी गर्दन काट दी थी। कांग्रेस की सरकार ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। कई पुलिसकर्मी और अधिकारी नक्सलवाद के शिकार हुए थे, जिससे कई माताओं बहनों का सिंदूर उजड़ गया था। हमें भाजपा सरकार पर गर्व होना चाहिए कि जब से हमारी सरकार बनी है सभी नक्सलवादियों, माओवादी को खत्म करने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और गृह मंत्री अमित शाह जी की दृढ़ इच्छाशक्ति के चलते आज मध्यप्रदेश की धरती से नक्सलवाद हमेशा के लिए खत्म हो गया है। केन्द्र और राज्य सरकार मिलकर इसको पूरी तरह खत्म कर रहे हैं। जो नक्सली सरेंडर नहीं कर रहे हैं उनको मारा जा रहा है। इस बदलते दौर में बुन्देलखण्ड में नदी जोड़ो अभियान चल रहा है। युवा मोर्चा कार्यकर्ता केन्द्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन और युवाओं के बीच पहुंचाएं। कांग्रेस के शासनकाल में सड़क, बिजली, पानी और रोजगार का नामोनिशान नहीं था। प्रदेश में युवाओं के लिए बड़ी संख्या में उप निरीक्षक से लेकर अन्य सरकारी एवं गैर सरकारी पदों पर भर्ती की जा रही है। भारत और भाजपा संगठन दोनों तेजी से आगे बढ़ रहे हैं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत की पहचान अलग रूप में पहचानी जा रही है। आज दुनिया भारतीय जनता पार्टी और भारत की तरफ देख रही है। भारत अपनी जो पहचान बना रहा है वह सभी के लिए सौभाग्य की बात है। भारत जितना आगे बढ़ रहा है, हमारी पार्टी का संगठन भी उतनी ही ताकत से आगे बढ़ रहा है। आज दुनिया के सामने भारत की पहचान एक विशिष्ट देश के रूप में है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश के अधिकांश राज्यों में भाजपा और भाजपा गठबंधन की सरकारें हैं। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। हम सभी पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटलबिहारी वाजपेयी जी को भी याद कर रहे हैं। श्रद्धेय अटलजी ने पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के बाद जनसंघ के अध्यक्ष के रूप में अपनी पहचान बनाई थी। प्रधानमंत्री बनने के बाद गांवों को सड़कों से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी गांवों में गरीबों के लिए पक्के मकान उपलब्ध करा रहे हैं। इसके साथ ही उज्जवला योजना के माध्यम से गैस सिलेंडर, मुफ्त अनाज सहित सभी प्रकार की सुविधाएं दी हैं। दुनिया में सबसे युवा देश भारत है। युवा शक्ति के माध्यम से भारत को सबसे ताकतवर देश बनाना है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का हाथ मजबूत करना है। आप सभी युवा मोर्चा कार्यकर्ता सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाकर संगठन को और मजबूती देने के लिए कार्य करें। युवा मोर्चा कार्यकर्ता समाज और मतदाताओं को भाजपा से जोड़ें - हेमंत खण्डेलवाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि युवा मोर्चा राजनीति की पहली सीढ़ी है। समाज और देवतुल्य जनता भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व, आचरण और कार्य-व्यवहार देखकर ही भाजपा के भविष्य का आंकलन करती है, क्योंकि युवा ही आगे चलकर संगठन का नेतृत्व करते हैं। इसलिए आप सभी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं का व्यक्तित्व और व्यवहार ऐसा होना चाहिए कि आपकी वजह से पार्टी को सम्मान मिले। पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व ने श्याम टेलर को युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। युवा मोर्चा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार ने मोर्चा को जिस ऊंचाई तक पहुंचाया है, श्याम टेलर उसे और बुलंदियों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता समाज और मतदाताओं को भाजपा से जोड़ने का कार्य करें। प्रधानमंत्री जी के सपनों का भारत बनाने हर मोहल्ले में भाजपा का परचम लहराएं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत विश्व की ग्यारहवीं अर्थव्यवस्था से चौथी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत आने वाले सालों में अमेरिका और चीन से भी आगे निकल जाएगा। प्रधानमंत्री जी वर्ष 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। वर्ष 2047 तक भारत विश्व गुरू बने, इसके लिए आप सभी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मध्यप्रदेश के हर घर और हर मोहल्ले में भाजपा का परचम लहराएं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार युवाओं के लिए कई योजनाएं चला रही है। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ स्व-रोजगार के साधन भी उपलब्ध करा रही है। इसके साथ उद्योगों को बढ़ावा देने का कार्य लगातार किया जा रहा है। देशी-विदेशी कंपनियां मध्यप्रदेश में निवेश कर रही हैं। समाज और दल को आगे ले जाने की जिम्मेदारी आप सभी युवाओं पर है। आप सभी युवा संगठन के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं, युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के भविष्य की चिंता पार्टी संगठन कर रहा है। आप सभी समाजों को और मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने का कार्य करें, पार्टी आपके सम्मान की चिंता कर रही है। इस दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, श्रीमती नंदिता पाठक, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मंत्री सुश्री राजो मालवीय, क्षितिज भट्ट, मोर्चा प्रभारी मनोरंजन मिश्रा, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अश्विनी परांजपे, विधायक घनश्याम चन्द्रवंशी, जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति, शाजापुर जिलाध्यक्ष रवि पाण्डे, युवा मोर्चा महामंत्री राहुल तिवारी एवं राम डांगोरे सहित बड़ी संख्या में मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ईएमएस/11 दिसंबर2025